फीफा वर्ल्ड कप से बाहर होने पर रोनाल्डो की पहली प्रतिक्रिया- अब कहने को कुछ नहीं, धन्यवाद पुर्तगाल...

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पुर्तगाल का फीफा विश्व कप जीतने का सपना शनिवार को टूट गया, जब टीम को क्वार्टर-फाइनल में मोरक्को से 0-1 से हार का सामना करना पड़ा। मैच का एकमात्र गोल मोरक्को के युसुफ एन-नेसरी ने 42वें मिनट में हैडर से किया जो अंतत: दोनों पक्षों के बीच अंतर बना रहा। पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लगातार दूसरे मैच में बेंच पर बैठाया गया और बाद में वह सब्स्टिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए। हालांकि, वह कोई गोल करने और टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे।

विश्व कप से टीम के बाहर होने के बाद रोनाल्डो अकेले मैदान से बाहर गए और रोते हुए देखे गए। अब एक दिन बाद रोनाल्डो ने विश्व कप से बाहर होने और अनुभव को लेकर पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लंबा सा नोट लिखा है। 37 वर्षीय स्टार फुटबॉलर अपने पूर्व क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड के साथ-साथ पुर्तगाली राष्ट्रीय टीम में खेलने को लेकर भी विवादों में रहे। हालांकि, उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि पुर्तगाल के प्रति उनका समर्पण एक पल के लिए भी नहीं बदला।

रोनाल्डो ने लिखा- पुर्तगाल के लिए विश्व कप जीतना मेरे करियर का सबसे बड़ा और सबसे महत्वाकांक्षी सपना था। सौभाग्य से मैंने पुर्तगाल के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई खिताब जीते, लेकिन अपने देश का नाम दुनिया में सबसे ऊंचे पायदान पर लाना मेरा सबसे बड़ा सपना था। मैं इसके लिए लड़ा। इस सपने के लिए कड़ा संघर्ष किया। 16 वर्षों में विश्व कप के पांच संस्करणों में मैंने हमेशा महान खिलाड़ियों के साथ और उनके समर्थन और लाखों पुर्तगालियों द्वारा समर्थन में खेला। मैंने टीम के लिए अपना सब कुछ मैदान पर न्योछावर कर दिया। मैंने हमेशा लड़ाई की और उससे मुंह नहीं मोड़ा। अपने सपने को कभी नहीं छोड़ा। अफसोस कल सपना टूट गया।

रोनाल्डो ने लिखा- उन विवादों पर प्रतिक्रिया देने लायक नहीं है। मैं बस इतना चाहता हूं कि आप सभी यह जान लें कि बहुत कुछ कहा जा चुका है, बहुत कुछ लिखा जा चुका है, बहुत कुछ अनुमान लगाया जा चुका है, लेकिन पुर्तगाल के प्रति मेरा समर्पण एक पल के लिए भी नहीं बदला है। मैं हमेशा सभी के उद्देश्य के लिए लड़ रहा था और मैं अपने सहयोगियों और अपने देश से कभी मुंह नहीं मोड़ूंगा। रोनाल्डो ने आगे पुर्तगाल को धन्यवाद दिया, यह कहते हुए कि सपना जब तक नहीं टूटा तब तक सबकुछ अच्छा था। रोनाल्डो ने लिखा- अभी ज्यादा कुछ नहीं कहना है। धन्यवाद पुर्तगाल। धन्यवाद कतर सपना अच्छा था, जब तक यह चला... अब यही उम्मीद कर रहा है कि मौसम अच्छा सलाहकार होगा और हर किसी को अपने निष्कर्ष निकालने की अनुमति देगा। रोनाल्डो के इस क्रिप्टिक पोस्ट ने फैन्स को परेशानी में डाल दिया है। इस पोस्ट से ऐसा लग रहा कि रोनाल्डो पुर्तगाल से अपना आखिरी मैच खेल चुके हैं और अब वह दोबारा खेलते नहीं दिखेंगे, क्योंकि उन्होंने लिखा सपना टूट चुका है। यानी रोनाल्डो ने उम्मीद छोड़ दी है।
रोनाल्डो ने इस विश्व कप में कुल एक गोल दागे। वह विश्व कप के पांच संस्करणों में गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गये। मोरक्को के खिलाफ मैच में रोनाल्डो ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच के रिकॉर्ड की बराबरी की। यह रोनाल्डो का 196वां अंतरराष्ट्रीय मैच है। उन्होंने कुवैत के बदेर अल मुतावा के रिकॉर्ड की बराबरी की।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse