साहित्य संस्कृति मंच ने किया काव्य संग्रहों का विमोचन

 

टीम एबीएन, रांची। रविवार को झारखंड हिन्दी साहित्य संस्कृति मंच के तत्वावधान में गीता चौबे गूंज की तीन कृतियों ख्वाहिशें (कथासंग्रह), कल-कल निनाद (काव्य संग्रह) और मौसम की अंगड़ाई (प्रबंध काव्य) का विमोचन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध साहित्यकार डॉ अशोक प्रियदर्शी ने की। मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में डॉ हरे राम त्रिपाठी चेतन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ माया प्रसाद उपस्थित थे। 

डाॅ जंग बहादुर पाण्डेय ने मौसम की अंगड़ाई, डाॅ राजश्री जयंती ने कल-कल निनाद तथा अनिता रश्मि  ने ख्वाहिशें नामक पुस्तकों की कीर्ति चर्चा प्रस्तुत की। डाॅ प्रियदर्शी ने अपने वक्तव्य में साहित्य लेखन में नारी समाज की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारियों को लेखन में कई सामाजिक, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जब वे लेखन में उतरती हैं तो उनकी भीतर की आकुलता हृदय को चीर कर बाहर निकल जाती है। 

वहीं डाॅ चेतन ने लघु कथा के तत्त्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लघु कथा सूत्र रूप वाली होती है। उन्होंने कविता में रागात्मक पक्ष की महत्ता को काव्य साधना का मूल कारण मानते कहा कि रागात्मक शक्ति के बिना कोई कवि नहीं बन सकता। प्रेम की  अन्विति कवि एवं कविता के उत्कर्ष के लिए आवश्यक है l 

वहीं डाॅ माया प्रसाद ने कहा कि बिना अनुभूति और आत्ममंथन  रचनाएं नहीं लिखी जा सकती। वहीं मंच के संरक्षक विनय सरावगी ने झारखंड में साहित्य के उन्नयन के लिए प्रयास करने वाले साहित्यकारों एवं उनकी कृतियों के विमोचन आदि के लिए सहायता की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मंच के उपाध्यक्ष निरंजन प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि इस मंच से जुड़े 13 सदस्यों को बिहार साहित्य अकादमी ने सम्मानित किया है। कार्यक्रम का संचालन बिनोद सिंह और मुनमुन ढाली ने किया। धन्यवाद ज्ञापन डाॅ वैद्यनाथ मिश्र ने किया। 

मौके पर असित कुमार, कृष्णा विश्वकर्मा, घटा गिरि, डाॅ पंपा सेन, सीमा स्निग्धा, विभा वर्मा, प्रतिभा त्रिपाठी, निर्मला कर्ण, अनिल बिहारी, प्रणव प्रियदर्शी, पुष्पा पांडेय, सीमा सिन्हा  नीरज नयन  शिप्रा शालिनी, खुशबू वर्णवाल, पूनम वर्मा, राजश्री राज, कविता  रानी, सुनीता कुमारी, सुरेंद्र कुमार, संतोष सुधाकर, रंजना वर्मा, सूरज श्रीवास्तव, अभिषेक अभि आदि उपस्थित थे l

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse