टीम एबीएन, लोहरदगा। शीला अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर के प्रांगण में तीन दिनी 33 वें प्रांतीय शिशु वर्ग खेलकूद समारोह का शनिवार को रंगारंग शुभारम्भ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय सांसद सुदर्शन भगत, विद्या भारती के क्षेत्रीय मंत्री रामवतार नरसरिया, प्रदेश सचिव अजय तिवारी, आरएसएस के प्रांत संघ चालक सच्चिदानंद लाल अग्रवाल, विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शशिधर लाल अग्रवाल, सचिव अजय प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर अग्रवाल, विभाग प्रमुख अखिलेश प्रसाद समेत तीनो विद्यालयों के प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
इससे पूर्व अतिथियों का परिचय विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य विपिन कुमार दास ने कराया तत्पश्चात विधिवत स्वागत किया गया। अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत भगवान हनुमानजी के चित्र पर पुष्पार्चन व नारियल फोड़कर किया। प्रांतीय शिशु वर्ग खेलकूद प्रतियोगिता में विद्या भारती द्वारा संचालित आठ विभागों जिसमे जमशेदपुर, गुमला, हजारीबाग, रांची, पलामू, साहेबगंज, धनबाद, देवघर के कुल 38 शिशु मंदिर विद्यालयों के लगभग 500 छात्र छात्राएं शामिल हुए। मौके पर उपस्थित विद्यालय के पूर्व छात्रों का अभिनंदन किया गया। इसके बाद जिले के विभिन्न समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
मुख्य वक्ता विद्या विकास समिति के सचिव अजय कुमार तिवारी ने राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत भाषण से छात्रों के भीतर देश रक्षा की भावना का संचार किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि बॉक्साइट नगरी में राधा कृष्ण एवं सीताराम के स्वरूप वाले भैया बहनों के आगमन से यह धरती तीर्थ के समान बन गई है। यहां आये हुए बच्चे खेलकूद में अपना बेहतर प्रदर्शन करेंगे और देश के भविष्य निर्माण में भावी कर्णधार बनेंगे।
बतौर मुख्य अतिथि सुदर्शन भगत ने अपने संबोधन में कहा कि मैं लोहरदगा का जनप्रतिनिधि होने के नाते आप सभी को प्रांतीय खेलकूद में शामिल होने के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। विद्या भारती भैया बहनों का सर्वांगीण विकास कर रही है। आज का कार्यक्रम भैया बहनों के सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अत्यंत रोचक बना। आप सभी अपनी प्रतियोगिताओं में खेल भावना से सम्मिलित हो और अपने लक्ष्य को प्राप्त करें यही मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।
कार्यक्रम को परिणाम तक पहुंचाने के लिए निर्णायक के रूप में मदन मोहन राय, कुणाल कुमार, संजय कुमार, संदीप कुमार, सुखनाथ सिंह, प्रसून कुमार, कामेश्वर मरांडी, सुनील कुमार सिंह, नरेंद्र कुमार, उत्तम कुमार सिंह शामिल हुए। तीन दिनी खेलकूद समारोह में कबड्डी, खो- खो, गोला फेंक, ऊंची कूद, रिले रेस, 100 मीटर रेस, 200 मीटर रेस, 400 मीटर रेस आदि खेल आयोजित होने वाले हैं। इस मौके पर शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र पांडेय, विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बिपिन कुमार दास, महाविद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी एवं आचार्य श्याम सुंदर कुमार, कृष्णा प्रसाद, विनोद राय, अनिल अग्रवाल, धनन्जय अग्रवाल, प्रो शशि गुप्ता, राजेंद्र खत्री, कौशल मित्तल, राजेश रंजन, प्रदीप कुमार, शोभा देवी समेत अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse