फीफा वर्ल्ड कप : दक्षिण कोरिया को 4-1 से हरा ब्राजील ने दिग्गज पेले को समर्पित की जीत

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2022 के प्री क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराने के बाद ब्राजील के खिलाड़ियों ने जीत दिग्गज पेले  को समर्पित की। बीमार पेले साओ पाउलो के अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। दक्षिण कोरिया पर जीत के बाद दोहा के स्टेडियम 974 में ब्राजील के खिलाड़ियों ने 82 वर्षीय पेले का पोस्टर स्टेडियम में फहराया। फुटबॉल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक पेले गंभीर रूप से बीमार हैं। हालांकि, उनके परिवार का मानना है कि वह स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।

दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच में विनीसियस जूनियर, नेमार, रिचर्डसन और लुकास पाक्वेटा ब्राजील के लिए गोल किये। टखने की चोट से वापसी करने वाले नेमार ने कहा, पेले अभी जिस स्थिति से गुजर रहे हैं, उनके बारे में बात करना मुश्किल है, लेकिन मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।


नेमार ने ग्लोबो से कहा, मुझे उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द स्वस्थ होकर वापस आयेंगे और हम कम से कम जीत के साथ उन्हें दिलासा तो दे सकते थे। पेट के कैंसर के साथ पेले की लड़ाई खिलाड़ियों को रिकॉर्ड छठी बार फीफा चैंपियन बनने के लिए प्रेरित कर रही है। पेले ने ब्राजील के लिए तीन बार विश्व कप जीता है। विनीसियस ने कहा कि उन्हें हमसे बहुत ताकत की जरूरत है और यह जीत उनके लिए है, ताकि वह इस स्थिति से बाहर आ सकें और हम उनके लिए चैंपियन बन सकें।

नेमार बोले मैं डर गया था...
नेमार की वापसी ने ब्राजील को बहुत मजबूती दी और वे पहले मिनट से ही शानदार लय में थे। उन्होंने पेनल्टी स्पॉट से 13वें मिनट में गोल कर ब्राजील के लिए पेले के रिकॉर्ड 77 गोल की बराबरी की। उन्होंने स्वीकार किया कि सर्बिया के खिलाफ विश्व कप के पहले मैच में चोटिल होने के बाद उन्हें लगा कि उनके लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो सकता है। 

नेमार ने कहा, जब मैं चोटिल हुआ तो मैंने बहुत मुश्किल रात बिताई। मैं लाखों अलग-अलग चीजों के बारे में सोच रहा था। मुझे इस विश्व कप में फिर से न खेल पाने का डर था, लेकिन मुझे अपने सभी साथियों और मेरे परिवार का समर्थन मिला जिन्होंने मुझे ताकत दी।

रिचर्डसन ने कहा कि पिच पर नेमार की मौजूदगी बाकी सभी के लिए खेल को आसान बनाती है। टूर्नामेंट में अब तीन गोल करने वाले रिचर्डसन ने कहा, मैं नेमार की वापसी से बहुत खुश हूं। पिच पर दो या तीन खिलाड़ी उनको रोकने में लगते हैं और दूसरों के लिए जगह बनती है। सहायक कोच सीजर संपायो ने कहा- नेमार एक प्रतिस्पर्धात्मक लाभ प्रदान करता है, वह पिच पर अंतर बनाता है, वह प्रेरक शक्ति है।

रिचर्डसन ने कोच टिटे के अपने आखिरी ग्रुप स्टेज मैच में लगभग पूरी पहली टीम को आराम देने के फैसले की भी प्रशंसा की। नॉक-आउट चरण में ब्राजील ने शुरुआती मैचों में अच्छा प्रदर्शन कर पहले ही नॉकआउट में अपनी जगह पक्की कर ली थी। हालांकि, उनकी टीम को आखिरी मैच में कैमरून के खिलाफ 1-0 से हार झेलनी पड़ी।

रिचर्डसन ने कहा, हम पहले मिनट से तेजी से खेले और ऐसा इसलिए था, क्योंकि हमने आखिरी मैच में टीम के एक हिस्से को आराम दिया था, इसलिए आपको इसका श्रेय बॉस को देना होगा।

टिटे के कई बदलावों का मतलब है कि उसने अब पूरे 26-सदस्यीय दल को टूर्नामेंट में खेलने का मौका दिया है, यहां तक कि तीसरी पसंद के गोलकीपर वेवर्टन भी कोरिया के खिलाफ अंतिम 10 मिनट खेले। उन्होंने  इस पर कहा कि जब मैं आया तो खेल व्यावहारिक रूप से खत्म हो गया था, लेकिन कोई भी गोलकीपर गोल खाना पसंद नहीं करता।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse