एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। अर्जेंटीना ने शनिवार (तीन दिसंबर) रात ऑस्ट्रेलिया को हराकर फुटबॉल विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का किया। उसने कड़े मुकाबले में 2-1 से जीत हासिल की। अब उसका मुकाबला अंतिम-8 में नीदरलैंड की टीम से होगा। नीदरलैंड ने प्री-क्वार्टर फाइनल में अमेरिका को हराया था। अर्जेंटीना और नीदरलैंड के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला शुक्रवार (नौ दिसंबर) को खेला जायेगा।
अर्जेंटीना के लिए इस मैच में कप्तान लियोनल मेसी और युवा स्टार जूलियन अल्वारेज ने गोल किया। मेसी ने मैच का पहला गोल 35वें मिनट में किया। सीनियर स्तर पर यह उनका 1000वां मैच था। उन्होंने अपने इस यादगार मैच में गोल कर टीम को जीत दिलायी। उनके 1000 मैच में 779 गोल और 338 असिस्ट हैं। साथ ही अपने पांचवें विश्व कप में उन्होंने पहली बार किसी नॉकआउट मैच में गोल किया है।
मेसी की गोल की बदौलत अर्जेंटीना की टीम पहले हाफ में 1-0 से आगे थी। उसके दूसरे हाफ में अल्वारेज ने गोल किया। उन्होंने 57वें मिनट में गेंद को गोलपोस्ट में डाला। मैच के 77वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया की किस्मत खुलती हुई नजर आई। उसके खिलाड़ी क्रेग गुडविन ने शॉट मारा तो गेंद अर्जेंटीना के एंजो फर्नांडिस से टकराई और गोलपोस्ट में चली गई। इस तरह फर्नांडिस ने आत्मघाती गोल कर लिया। इसके बाद इंजरी टाइम के अंत में ऑस्ट्रेलिया को एक मौका मिला, लेकिन अर्जेंटीना के गोलकीपर एमी मार्टिनेज ने उसे रोक दिया और टीम को जीत दिला दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse