टीम एबीएन, पलामू/ रांची। राजकीय बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय, मेदिनीनगर (केजी स्कूल) के लिपिक प्रीतम कुमार को निलंबित कर दिया गया है। आयुक्त जटा शंकर चौधरी के औचक निरीक्षण के समय बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित पाये गये लिपिक प्रीतम कुमार को जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निलंबित किया है। इससे संबंधित पत्र भी उन्होंने जारी किया है। आयुक्त के निरीक्षण के समय क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक शिव नारायण साह, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक मनोज कुमार भी थे।
निरीक्षण के समय लिपिक बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए थे। अनुपस्थित लिपिक के अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पायी थी। उनके छुट्टी से संबंधित कोई आवेदन भी प्राप्त नहीं हुए थे। इसपर आयुक्त ने अनुपस्थित लिपिक के विरूद्ध कार्रवाई का निदेश दिया था। इस संबंध में क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक के निदेश पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा लिपिक से स्पष्टीकरण की मांग की गई थी। प्राप्त स्पष्टीकरण संतोषप्रद नहीं रहने के फलस्वरूप उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सदर, मेदिनीनगर के कार्यालय में निर्धारित किया गया है।
जानकारी हो कि स्कूल आॅफ एक्सीलेंस के लिए चयनित केजी स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता जांचने के लिए आयुक्त जटा शंकर चौधरी औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। औचक निरीक्षण के समय लिपिक अनुपस्थित पाये गये थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse