एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। पहले ही नॉकआउट में पहुंच चुकी पुर्तगाल की टीम शुक्रवार को फीफा विश्व कप के ग्रुच-एच में दक्षिण कोरिया का सामना करेगी। पुर्तगाली टीम की निगाहें एक अंक हासिल करने पर लगी है, ताकि वह अंतिम-16 में ब्राजील से भिड़ने से बच सके। मौजूदा तालिका में पुर्तगाल छह अंकों के साथ शीर्ष पर है, जबकि ब्राजील भी ग्रुप-जी में छह अंक लेकर शीर्ष पर कायम है।
ऐसे में अंतिम-16 में ग्रुप-एच में शीर्ष पर रहने वाली टीम और ग्रुप-जी के दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम आमने-सामने होगी।
शुक्रवार को ग्रुप-जी और एच की टीमें ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मैच खेलेंगी। भारतीय समयानुसार रात साढ़े आठ बजे से ग्रुप-एच के दो मैच होंगे। पुर्तगाल का सामना कोरिया रिपब्लिक और घाना का मुकाबला उरुग्वे से होगा। वहीं, भारतीय समयानुसार रात साढ़े 12 बजे (तीन दिसंबर) ग्रुप-जी के मैच होंगे। ब्राजील का सामना कैमरून और सर्बिया का सामना स्विटजरलैंड से होगा।
रविवार को उरुग्वे पर जीत के बाद सांतोस ने कहा था कि वह कोरिया रिपबल्कि के खिलाफ कई अहम खिलाड़ियों को आराम देने की योजना बना रहे हैं, इसमें रोनाल्डो भी हो सकते हैं। 37 साल के रोनाल्डो के लिए नौ दिन में तीन मैच अधिक हो सकते हैं।
रोनाल्डो बुधवार को टीम के ट्रेनिंग सत्र में नहीं दिखे, जबकि वह जिम में अभ्यास कर रहे थे। हो सकता है कि वह अंतिम-16 मुकाबले में ही खेलें। इससे गोंकालो रामोस या आंद्रे सिल्वा को शुरुआत करने का मौका मिल सकता है। सेंटर बैक दानिलो परेरा के भी मैच में नहीं खेलने की उम्मीद है जो पिछले हफ्ते ट्रेनिंग के दौरान पसली में चोट लगा बैठे थे। अगर पुर्तगाल के ब्रूनो फर्नांडिस चुने जाते हैं तो वह अपनी शानदार फाॅर्म जारी रखना चाहेंगे। वह अभी तक दो गोल कर चुके हैं और दो गोल करने में मदद कर चुके हैं।
वहीं, कोरिया को भी जीत दर्ज करने के अलावा उसी समय घाना और उरुग्वे के बीच हो रहे मुकाबले का नतीजा अपने हक में आने की दरकार होगी ताकि वह ग्रुप से पुर्तगाल के साथ अगले दौर में पहुंच सके। अगर घाना जीतती है तो दक्षिण कोरिया क्वालिफाई नहीं कर पायेगा, भले ही पुर्तगाल के खिलाफ नतीजा कुछ भी रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse