टीम एबीएन, गोड्डा/ रांची। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त महोदय गोड्डा जिशान कमर की अध्यक्षता में वार्षिक माध्यमिक (मैट्रिक) एवं इंटरमीडिएट (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य) परीक्षा 2023 के परीक्षा केन्द्रों को लेकर समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में महोदय के द्वारा कदाचार मुक्त परीक्षा के सफल संचालन हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिये। महोदय के द्वारा मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर सभी केंद्राधीक्षक को निर्देश दिये गये कि सीसीटीवी कैमरा निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्रों मे उपलब्ध होने चाहिए।
महोदय के द्वारा मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिले के सभी परीक्षा केंद्राधीक्षक और अन्य संबधित पदधिकारी को निदेश दिए गए कि जैक की ओर से जारी दिशा-निर्देश को अक्षरशः पालन कराना अनिवार्य है। उनके द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि सभी केन्द्र पर लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करा लें और अगर कैमरा काम नहीं कर रहा है तो उसे केंद्र अधीक्षक ठीक करा लें।सीसीटीवी से परीक्षा केंद्र की निगरानी की जायेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण में निष्पक्ष और कदाचार मुक्त परीक्षा संचालित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्थिति में कदाचार परीक्षा की सूचना मिले तो संबंधित विभागों को यथाशीघ्र सूचित करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए प्रतिनियुक्त स्टैटिक और पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट विभागीय निर्देशों के अनुरूप कदाचार मुक्त ढंग से परीक्षा का संचालन सुनिश्चित कराना सुनिश्चित करेंगे।
उपायुक्त महोदय के द्वारा बताया गया कि इस बार परीक्षा केंद्रों में एक बेंच पर दो परीक्षार्थी बैठने की व्यवस्था की गई है कहीं-कहीं परीक्षा केंद्रों में सीटों की संख्या सीमित रहने पर एक बेंच पर तीन परीक्षार्थियों की बैठने की व्यवस्था की गई है। किसी भी परिस्थिति में अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश परीक्षा केंद्र में नहीं हो, अगर ऐसा होता है तो उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी। कहीं किसी भी परीक्षा केंद्रों में कदाचार होने की सूचना कंट्रोल रूम को यथाशीघ्र दिये जायें। ताकि जिले में कदाचार मुक्त परीक्षा का सफल संचालन किया जा सके।
संभावित मार्च -अप्रैल 2023 से शुरू हो रहे मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले में क्रमशः 41और 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में करीब उपलब्ध सीटों की संख्या से 10% अतिरिक्त मैट्रिक परीक्षा में 19743 और इंटरमीडिएट परीक्षा में 13627 छात्र शामिल हो सकेंगे।बैठक में उपायुक्त महोदय ने परीक्षा केंद्रों पर ससमय प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका पहुंचाने के लिए सभी तैयारी पूरी करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर उप विकास आयुक्त महोदय गोड्डा संजय सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा मनोज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी गोड्डा सुशील कुमार, माननीय विधायक गोड्डा विधायक प्रतिनिधि, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse