एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली गयी तीन मैचों की एकदिवसीय शृंखला का आखिरी मैच बुधवार को बारिश में धुलने के बाद न्यूजीलैंड ने सीरीज 1-0 से जीत ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को 220 रन का लक्ष्य दिया। न्यूजीलैंड ने इसके जवाब में 18 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 104 रन बना लिये जिसके बाद बारिश ने हेगले ओवल पर दस्तक दे दी। डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार मैच का परिणाम निकालने के लिये कम से कम 20 ओवर फेंके जाने की जरूरत थी, लेकिन एक घंटे और चालीस मिनट तक बारिश न रुकने के बाद अंपायरों ने मैच को रद्द करने का निर्णय लिया।
न्यूजीलैंड के लिये सलामी बल्लेबाज फिन एलेन ने 54 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाकर 57 रन बनाये, जबकि डेवन कॉनवे ने 51 गेंदों पर छह चौकों के साथ नाबाद 38 रन की पारी खेली। इससे पहले, न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने भारत को 47.3 ओवर में 219 रन पर आलआउट कर दिया। भारत को इस सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने के लिये वाशिंगटन सुंदर ने 64 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाकर 51 रन बनाये, जबकि श्रेयर अय्यर ने 59 गेंदों पर आठ चौकों के साथ 49 रन का योगदान दिया। तीन मैचों की सीरीज 1-0 से जीतने वाली न्यूजीलैंड ने जहां पहला मैच सात विकेट से जीता, वहीं दूसरा मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। भारत ने इस मैच में टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए धीमी शुरूआत की और दोनों ओपनर छोटे स्कोर पर आउट हो गये। शुभमन गिल ने 22 गेंदों पर दो चौकों के साथ 13 रन बनाये जबकि शिखर धवन ने 45 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाकर 28 रन की पारी खेली। ऋषभ पंत ने 16 गेंदों पर 10 रन का योगदान दिया और दबाव में आकर डीप स्क्वेयर लेग पर खड़े ग्लेन फिलिप्स को कैच थमा बैठे।
अच्छी लय में नजर आ रहे अय्यर ने पंत के साथ 30 रन जोड़े जबकि सूर्यकुमार यादव (छह रन) के साथ 25 रन की साझेदारी की, हालांकि वह अपने अर्द्धशतक से एक रन की दूरी पर लोकी फर्ग्यूसन का शिकार हो गये। भारत के आखिरी बल्लेबाज दीपक हुड्डा (12) के आउट होने के बाद टीम संकट में थी और 200 रन तक पहुंचना मुश्किल लग रहा था। सुंदर ने यहां पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। सुंदर और युजवेंद्र चहल की 31 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी के दम पर भारत ने 200 रन का आंकड़ा पार किया। मिचेल सैंटनर ने चहल को आठ रन पर आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। भारत आखिरी दो विकेटों के बदले 18 रन ही जोड़ सका और 47.3 ओवर में 219 रन पर आलआउट हो गया।
न्यूजीलैंड के लिये एडम मिल्ने ने 10 ओवर में 57 रन देकर तीन विकेट लिये, जबकि डेरिल मिचेल ने सात ओवर में 25 रन देकर तीन विकेट चटकाये। टिम साउदी ने 8.3 ओवर में 36 रन देकर दो विकेट लिये जबकि फर्ग्यूसन और सैंटनर को एक-एक सफलता हासिल हुई। न्यूजीलैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के विपरीत आक्रामक शुरुआत की। फिन एलेन और डेवन कॉनवे की जोड़ी ने पावरप्ले में 59 रन जोड़कर भारत को दबाव की स्थिति में डाल दिया। एलेन ने अपना अर्द्धशतक पूरा करके पवेलियन लौटने के पहले कॉनवे के साथ 97 रन की साझेदारी की। बारिश के कारण खेल रुकने तक न्यूजीलैंड 18 ओवर में 104/1 के स्कोर तक पहुंच गया। डकवर्थ लुइस नियम के अनुसार कीवी टीम लक्ष्य से 50 रन आगे चल रही थी और यदि वह 20 ओवर खेल लेती तो भारत का हारना तय था। यह कहना गलत नहीं होगा कि बारिश ने भारत को 2-0 की सीरीज हार से बचा लिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse