एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, हम बहुत तेजी से इस कार्यक्रम के शतक की तरफ बढ़ रहे हैं। यह कार्यक्रम मेरे लिए 130 करोड़ देशवासियों से जुड़ने का एक और माध्यम है। हर एपिसोड से पहले, गांव-शहरों से आये ढ़ेर सारे पत्रों को पढ़ना, बच्चों से लेकर बुजुर्गों के ऑडियो मैसेज को सुनना, ये मेरे लिए एक आध्यात्मिक अनुभव की तरह होता है।
जी-20 की अध्यक्षता मौका बनकर आयी
पीएम ने कहा, जी-20 की दुनिया की जनसंख्या में दो-तिहाई, वैश्विक व्यापार में तीन-चौथाई और वर्ल्ड जीडीपी में में 85% भागीदारी है। आप कल्पना कर सकते हैं कि भारत अब से तीन दिन बाद यानी एक दिसंबर से इतने बड़े समूह की, इतने सामर्थ्यवान समूह की, अध्यक्षता करने जा रहा है। जी-20 की अध्यक्षता, हमारे लिए एक बड़ा मौका बनकर आई है। हमें इस मौके का पूरा उपयोग करते हुए विश्व कल्याण पर ध्यान केंद्रित करना है।
जी-20 में आने वाले डेलिगेट्स भविष्य के टूरिस्ट
पीएम मोदी ने कहा, चाहे शांति हो या एकता, पर्यावरण से लेकर संवेदनशीलता की बात हो या फिर सतत विकास की, भारत के पास, इनसे जुड़ी चुनौतियों का समाधान है। हमने एक दुनिया, एक एक परिवार ओर एक भविष्य की जो थीम दी है, उससे वसुधैव कुटुम्बकम के लिए हमारी प्रतिबद्धता जाहिर होती है। उन्होंने कहा, आने वाले दिनों में, देश के अलग-अलग हिस्सों में जी-20 से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस दौरान, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से लोगों को आपके राज्यों में आने का मौका मिलेगा। मुझे भरोसा है कि आप अपने यहां की संस्कृति के विविध और विशिष्ट रंगों को दुनिया के सामने लायेंगे। आपको ये भी याद रखना है कि जी-20 में आने वाले लोग, भविष्य के टूरिस्ट भी हैं।
विक्रम-एस नये युग के उदय का प्रतीक
प्रधानमंत्री ने कहा, हाल ही में स्वदेशी स्पेस स्टार्ट-अप के विक्रम-एस रॉकेट ने जैसे ही ऐतिहासिक उड़ान भरी, हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। यह भारत में प्राइवेट स्पेस सेक्टर के लिए एक युग के उदय का प्रतीक है। ये देश में आत्मविश्वास से भरे एक नए युग का आरंभ है। आप कल्पना कर सकते हैं, जो बच्चे कभी हाथ से कागज का हवाई जहाज बनाकर उड़ाया करते थे, उन्हें अब भारत में ही हवाई जहाज बनाने का मौका मिल रहा है।
कला व संगीत से हमारा लगाव मानवता की असल पहचान
मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा, कला, संगीत और साहित्य से हमारा लगाव ही मानवता की असली पहचान है। हम भारतीय, हर चीज में संगीत तलाश ही लेते हैं। चाहे वह नदी की कलकल हो, बारिश की बूंदें हों, पक्षियों का कलरव हो या फिर हवा का गूंजता स्वर, हमारी सभ्यता में संगीत हर तरफ समाया हुआ है। हमारी सभ्यता में संगीत हर तरफ समाया हुआ है। संगीत हमारे समाज को भी जोड़ता है। संगीत की हमारी विधाओं ने, न केवल हमारी संस्कृति को समृद्ध किया है, बल्कि दुनियाभर के संगीत पर अपनी अमिट छाप भी छोड़ी है। भारतीय संगीत की ख्याति विश्व के कोने-कोने में फैल चुकी है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse