एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शनिवार को कहा कि बुवाई क्षेत्रफल में वृद्धि और मिट्टी में नमी की स्थिति अनुकूल होने के कारण सरकार को मौजूदा रबी (सर्दियों में बोई जाने वाली) सीजन में बेहतर फसल उत्पादन की उम्मीद है। एक अधिकारिक बयान के अनुसार, कृषि मंत्री ने रबी फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।
उन्होंने बताया कि रबी की बुवाई का रकबा एक साल पहले की तुलना में अब तक 24.13 लाख हेक्टेयर अधिक है। बयान में कहा गया कि इस साल अभी तक 152.88 लाख हेक्टेयर में गेहूं की बुवाई हुई है जो पिछले वर्ष के 138.35 लाख हेक्टेयर की तुलना में 14.53 लाख हेक्टेयर अधिक है। इस साल गेहूं की बुवाई ने पिछले चार साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
इस वर्ष 25 नवंबर तक 358.59 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बुवाई हुई है जो पिछले वर्ष के 334.46 लाख हेक्टेयर की तुलना में 24.13 लाख हेक्टेयर ज्यादा है। तोमर ने उम्मीद जताई कि मिट्टी में नमी की स्थिति की अनुकूलता, बेहतर सिंचाई और उर्वरकों की उपलब्धता से आने वाले दिनों में रबी फसल क्षेत्र कवरेज में और तेजी आयेगी।
गेहूं बुआई में एमपी आगे : ताजा आंकड़ों के अनुसार, गेहूं की सबसे ज्यादा बुवाई मध्य प्रदेश (6.40 लाख हेक्टेयर) में हुई है। इसके बाद राजस्थान (5.67 लाख हेक्टेयर), पंजाब (1.55 लाख हेक्टेयर), बिहार (1.05 लाख हेक्टेयर), गुजरात (0.78 लाख हेक्टेयर), जम्मू और कश्मीर (0.74 लाख हेक्टेयर) और उत्तर प्रदेश (0.70 लाख हेक्टेयर) हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse