13 करोड़ के बस स्टैंड के निर्माण से गढ़वावासी होंगे गौरवान्वित : मिथिलेश ठाकुर

 

टीम एबीएन, गढ़वा/ रांची। झारखंड सरकार के पेयजल स्वच्छता मंत्री व गढ़वा विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 45 योजनाओं की आधारशिला रखी।

मंत्री ने पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर इन योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं में मुख्य रूप से 3 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सोनपुरवा में अत्याधुनिक सर्व सुविधा संपन्न बस स्टैंड, करीब दो करोड़, 71 लाख रुपये की लागत से मंझियाव मोड़ के समीप सरस्वती नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण एवं मंझियांव मोड़ का सुंदरीकरण व हाई फ्लैग मास्ट का अधिष्ठापन शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ठाकुर ने कहा कि गढ़वा शहर के मझियांव मोड़ पर स्थित सरस्वती का नदी पुल वर्षों से जर्जर हो गया था। यह अंतरराज्यीय मार्ग है, जिसके कारण आवागमन में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। अब इसका निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड परिसर में वर्तमान में 40 दुकानों का निर्माण किया जाएगा ताकि यहां दुकान लगाने वाले लोग बेदखल नहीं हो। इसके अलावा 100 अन्य दुकानों का भी निर्माण होगा, जिससे अन्य लोगों के रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सोच गढ़वा को विकसित जिलों में शामिल करना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार बनते ही विकास को लेकर चिंतित हैं तथा विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं, जहां भी देखें विकास ही विकास नजर आ रहा है। ऐसी स्थिति बन गयी है कि यदि सभी योजनाओं का शिलान्यास किया जाए तो शिलान्यास करने में तीन माह से अधिक समय लग जायेगा। अभी कई योजनाएं पाइपलाइन में हैं। पेयजल मंत्री ने कहा कि गढ़वा की जनता ने हमें अपना जनप्रतिनिधि चुना है, उसी समय हमने संकल्प लिया था कि गढ़वा को विकसित जिला बनाया जायेगा। गढ़वा के पिछड़ेपन का कलंक मिटाया जायेगा। इसी संकल्प पर हम काम कर रहे हैं। 2019 में जनता ने आक्रोश दिखाया था। भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंका था। 2024 में भी हमारी सरकार बनेगी, इसमें कोई संदेह नहीं है क्योंकि जनता सिर्फ विकास चाहती है और हम विकास कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि किसी भी शहर के विकास का पैमाना वहां उपलब्ध नागरीय सुविधाओं से आंका जाता है। गढ़वा बस स्टैंड सर्वश्रेष्ठ बस स्टैंड बनेगा। यहां अत्याधुनिक सुविधा संपन्न बस स्टैंड के निर्माण की आवश्यकता थी, जो आज आप सभी के सहयोग से पूरी हो रही है। इसका निर्माण कार्य 18 माह में पूर्ण कर लिया जाना है, परंतु मेरी चाहत है कि अगले स्वतंत्रता दिवस का झंडोतोलन इस नवनिर्मित बस स्टैंड के प्रांगण से होते हुए मंझियाव मोड़ पर करूं। इसके लिए मंत्री ने संवेदक को कहा कि इसे चुनौती के रूप में लेते हुए गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के अंदर इसका निर्माण कार्य पूर्ण करें। इस बस स्टैंड के निर्माण से गढ़वावासी गौरवान्वित होंगे।

बता दें कि 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस बस स्टैंड में भव्य मुख्य द्वार सहित 40 दुकानें, रेस्टोरेंट, महिला डोरमेट्री, पुरुष डोरमेट्री, शौचालय की व्यवस्था, पूछताछ केंद्र, प्रतीक्षालय, टिकट घर, दो पहिया, तीन पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था, एक साथ 20 बसों के ठहराव की व्यवस्था, स्टोर, किचन, ऑफिस जैसी सारी सुविधाएं उपलब्ध होगी। यह बस स्टैंड के गढ़वा का गौरव होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse