पलामू : सीसीएल के कोयला खनन क्षेत्रों में सख्ती से रोकें अवैध खनन और परिवहन

 

  • अवैध खनन एवं परिवहन को रोकने में लें तकनीक का सहारा 
  • परिवहन कार्य में लगे वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने के लिए खनन सचिव से अनुशंसा 
  • रूट बदलकर जाने वाले वाहनों का होगा लाइसेंस कैंसिल 
  • सीसीएल के कोयला खनन क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन एवं परिवहन को लेकर आयुक्त ने की बैठक 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले में अवस्थित सीसीएल के कोयला खनन क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन एवं अवैध परिवहन को लेकर आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने आज आयुक्त कार्यालय में बैठक की। इस दौरान उन्होंने सीसीएल के कोयला खनन क्षेत्र के खनन पट्टा क्षेत्र में अवैध खनन एवं अवैध परिवहन को गंभीरता से लिया। उन्होंने अवैध खनन एवं अवैध परिवहन को सख्ती से रोकने एवं इन अवैध कार्यों में संलिप्त व्यक्ति, वाहन एवं वाहन मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निदेश दिया। 
उन्होंने अवैध खनन एवं अवैध परिवहन किसी कीमत पर नहीं होने देने एवं इससे बचाव के तरीके अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने अवैध रूप से हो रहे खनन एवं परिवहन के लिए मुकम्मल इंतजाम करें, ताकि चोरी के कारोबार को रोका जा सके। उन्होंने इसके लिए खनन पट्टा क्षेत्र में सीसीटीवी का अधिष्ठापन एवं उसके फुटेज का नियमित रूप से मॉनिटरिंग सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। साथ ही खनन पट्टा में वाहनों के प्रवेश एवं उसके निकास द्वार पर भी सीसीटीवी लगाते हुए नजर रखने तथा इसमें तकनीक का सहारा लेते हुए बूम बैरियर आदि की व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निदेश दिया, ताकि अवैध खनन एवं अवैध परिवहन के कारोबार को सक्रियता से रोका जा सके। 
उन्होंने कहा कि खनन पदाधिकारी एवं संबंधित अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अवैध खनन एवं परिवहन के कार्यों को सख्ती से रोकना सुनिश्चित करें। आयुक्त ने 3 साल से अधिक समय तक एक ही परियोजना में जमे अधिकारियों का स्थानांतरण का भी निदेश दिया। उन्होंने कहा कि खनन पदाधिकारी द्वारा मांगे गए रिपोर्ट को सक्रियता से देना सुनिश्चित करें। उन्होंने लिंकेज वाले कोयला खनन को रोकने एवं बिडिंग वाले को सही से बिक्री का निदेश दिया। आयुक्त ने परिवहन कार्य में लगे वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाने के लिए खनन सचिव को अनुशंसा की बात कही। वैसे वाहन जो अपना रूट बदलकर कोयला का परिवहन करते हैं, ऐसे वाहनों एवं उनके मालिकों को चिन्हित करने और उनके खिलाफ कार्रवाई एवं रूट बदलकर जाने वाले वाहनों का लाइसेंस कैंसिल करने की प्रक्रिया करने का निदेश दिया। 
बैठक में तीनों जिले के खनन पदाधिकारी एवं मगध कोल परियोजना के जीएम केके सिन्हा, सीसीएल के रजहरा एवं तेतरियाखांड़ एरिया के जीएम बासब चौधरी आदि उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse