टीम एबीएन, रांची। ठंड शुरू हो गई है और ठंड के चलते पिछली बार की तरह इस बार भी झारखंड के राजधानी रांची के रिम्स में कंबल बैंक की शुरूआत हो रही है, जिससे मरीज के परिजनों को इसका फायदा मिलेगा। कंबल बैंक से मरीज के परिजन अपनी आवश्यकता के अनुसार कंबल ले सकते हैं।
दरअसल, यहां मरीज के इलाज के लिए आए परिजन अपनी जरूरत पर कंबल ले सकते हैं, जिसके लिए उन्हें एक कंबल के लिए 200 रुपये देना होगा। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर परिजन कंबल लौटाकर अपने पूरे 200 रुपये वापिस प्राप्त कर सकते हैं। इस मामले में रिम्स के पीआरओ डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के अटेंडेंट के लिए कंबल बैंक की शुरुआत की गई है। अब मरीजों के साथ-साथ उनकी देखरेख करने में जुटे परिजनों को भी कंबल उपलब्ध कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि यह सेवा मुफ्त है, लेकिन कंबल लेते समय मरीज के अटेंडेंट को टोकन मनी के तौर पर 200 रुपये जमा करने होंगे, जो कि पूरी तरह रिफंडेबल होगा।
डॉ राजीव रंजन ने बताया कि कंबल बैंक सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। अटेंडेंट अपना आधार कार्ड व मरीज की पर्ची दिखाकर कंबल प्राप्त कर सकते हैं। यह सेवा सर्दी के मौसम में जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल बैंक में 250 कंबल हैं, जल्द ही और 500 की खरीद की जायेगी। इस मामले में चतरा से अपने भाई का इलाज कराने आए सुभाष कुमार ने बताया कि उन्हें आनन-फानन में अपने भाई को रिम्स में भर्ती करना पड़ा। उनको घर से हड़बड़ी में निकलना पड़ा था, ऐसे में गर्म कपड़े भी नहीं ले पाये थे। अस्पताल से उन्हें कंबल उपलब्ध कराया गया है, जिससे काफी राहत मिली है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse