एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। बारिश नहीं रुकने की वजह से अंपायरों ने मैच को खत्म करने का फैसला लिया है। डकवर्थ लुईस नियम के तहत मैच टाई पर खत्म हुआ। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 161 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में बारिश की वजह से मैच रुकने तक भारत ने नौ ओवर में चार विकेट पर 75 रन बना लिए थे।
डीएलएस के तहत पार स्कोर नौ ओवर में 75 रन का था, जो भारत ने बना लिए थे। ऐसे में अंपायरों ने मैच को टाई घोषित किया। बारिश की वजह से दोबारा मैच नहीं होने और डीएलएस पर टाई होने पर सुपरओवर का इस्तेमाल नहीं होता है। भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-0 से अपने नाम की। हार्दिक ने बतौर कप्तान लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीती है। इससे पहले उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज जीती थी। पहला मैच बारिश से पूरी तरह धुल गया था। तब टॉस भी नहीं हो सका था। वहीं, दूसरे मैच को टीम इंडिया ने 65 रन से अपने नाम किया था। तीसरा टी20 टाई रहा। टीम इंडिया की यह न्यूजीलैंड पर उसके घर में लगातार दूसरी टी20 सीरीज जीत है। इससे पहले 2020 में भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में कीवी टीम को उसके घर में टी20 सीरीज मे 5-0 से हराया था।
डकवर्थ लुईस नियम के तहत पार स्कोर बराबर रहने पर टाई होने वाला यह तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच है। इससे पहले 2021 में दो मैच इसी तरह टाई हुए थे। 2021 में कीर्तिपुर में नीदरलैंड बनाम मलेशिया मैच और उसी साल माल्टा बनाम जिब्राल्टर मैच टाई पर समाप्त हुआ था। ओवरआल डीएलएस पार स्कोर पर टाई होने वाला यह छठा मैच है। वनडे में तीन मैच डीएलएस पार स्कोर पर टाई हुए थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse