पलामू : मतदाता सूची पुनरीक्षण अवधि में जहां कम आवेदन आये हैं, वहां घर-घर चलेगा अभियान

 

  • सभी योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने संबंधी फॉर्म कराएं संग्रह 
  • निर्वाचन कार्य में लगे बीएलओ की करें समीक्षा, फॉर्म संग्रह में लायें तेजी 
  • स्वच्छ एवं त्रुटि रहित मतदाता सूची का निर्माण कराएं सुनिश्चित, मतदाता विवरणी का आधार से लिंक करने का कार्य शत प्रतिशत करायें 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निदेश पर 9 नवंबर 2022 से 8 दिसंबर 2022 तक चलाये जा रहे फोटोयुक्त मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2023 के तहत आज झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग के सचिव के रवि कुमार पलामू पहुंचे। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस सभागार में पलामू के विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों  एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रारूप प्रकाशन की अवधि के दौरान जिन मतदान केंद्रों पर 0 से 10 तक अथार्त कम आवेदन प्राप्त हुए हुए हैं, वहां के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को घर-घर अभियान चलाकर फॉर्म संग्रह कराने का निदेश दिया। 
उन्होंने कहा कि सभी योग्य मतदाताओं का नाम जोड़ने संबंधी फॉर्म संग्रह कराएं, ताकि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से नहीं छूटे। उन्होंने मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2023 में लगे बीएलओ की समीक्षा करने तथा योग्य नागरिकों का फॉर्म संग्रह में तेजी लाने एवं कम प्राप्त फॉर्म वाले स्थानों पर अत्यधिक मेहनत करने का निदेश दिया, ताकि स्वच्छ एवं त्रुटि रहित मतदाता सूची का निर्माण सुनिश्चित कराई जा सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मतदाता विवरणी का आधार से लिंक करने का कार्य 73 प्रतिशत से बढ़ाकर शत प्रतिशत सुनिश्चित कराने का भी निदेश दिया।  
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी योग्य नए मतदाताओं का अधिक- से-अधिक नाम मतदाता सूची में जोड़ने एवं मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2023 के तहत मतदाता सूची में अन्य योग्य नागरिकों का नाम निबंधन, सुधार, स्थानांतरण या नाम विलोपन का कार्य जल्द-से-जल्द पूर्ण करने का निदेश दिया। उन्होंने सभी से अपने दायित्व को समझते हुए कार्य में प्रगति लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने एवं निर्वाचन संबंधी (ररफ- 2023) अपने द्वारा किए गए कार्यों का रिकॉर्ड मेंटेन करने की बातें कही। उन्होंने आनलाइन व्यवस्था के तहत एनभीएसपी पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवेदन समर्पित करने, आयोग स्तर से प्रायोजित गरुड़ ऐप के माध्यम से भी संबंधित व्यक्तियों का आनलाइन आवेदन समर्पित करने के लिए युवा एवं छात्र-छात्राओं को जागरूक एवं प्रेरित करने का निदेश दिया।  
बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अलावा मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त जटा शंकर चौधरी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे, उप निर्वाचन पदाधिकारी-सह- नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह सहित 75-पांकी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, 76-डालटनगंज के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, 77-विश्रामपुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अपर समाहर्ता सुरजीत कुमार सिंह, 78-छतरपुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी एनपी गुप्ता, 79- हुसैनाबाद के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण सहित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी आदि उपस्थित थे। 
8 दिसंबर तक चलेगा अभियान 
फोटोयुक्त मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2023  9 नवंबर 2022 से शुरू है, जो 8 दिसंबर, 2022 तक चलेगा। इस दौरान दिनांक 1 जनवरी 2023, 1 अप्रैल 2023, 1 जुलाई 2023 एवं 1 अक्टूबर 2023 की अहर्ता तिथि को मतदाता बनने की योग्यता रखने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रपत्र 6 में रंगीन फोटो एवं आयु तथा निवास प्रमाण पत्र के साथ अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रवासी भारतीय प्रपत्र 6क में आवेदन समर्पित कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम विलोपन करने के लिए प्रपत्र 7 में आवेदन जमा किए जा रहे हैं। मतदाता सूची में प्रविष्टियों का सुधार, ईपीक प्रतिस्थापन, दिव्यांगन, चिन्हांकित करने, विधानसभा क्षेत्र के अंदर अथवा बाहर निवास स्थानांतरण हेतु प्रपत्र 8 में आवेदन कर सकते हैं। यह आवेदन बीएलओ के पास/ विधानसभा के संबंधित क्षेत्र के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय/ निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के कार्यालय अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse