टीम एबीएन, चाईबासा/ रांची। पश्चिम सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त संदीप बक्शी के अध्यक्षता तथा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी की मौजूदगी में मनरेगा व प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित अन्य विभागों से संचालित कार्यों के निष्पादन से संबंधित समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सर्वप्रथम आगामी 26-27 नवंबर 2022 को आयुष मेला के आयोजन तदर्थ जिले में चिन्हित दो प्रखंड यथा नोआमुंडी एवं मनोहरपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को जिला आयुष पदाधिकारी से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक तैयारियों को सुनिश्चित करने तथा आयोजन हेतु आगामी दिवस प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय समिति का बैठक आहूत करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों के प्रगति प्रतिवेदन का समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त के द्वारा उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक/कनीय अभियंता को छोटी योजनाओं यथा सोकपिट निर्माण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, नाडेप, वर्मी कंपोस्ट, कच्ची नाली, मेढ़बंदी आदि योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगामी 15 दिसंबर 2022 तक पूर्ण करने के निर्देश सहित निर्धारित तिथि तक भौतिक रूप से योजना पूर्ण नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी-कर्मी पर कार्रवाई करने हेतु भी संसूचित किया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त के द्वारा मानव दिवस सृजन पर विशेष रूप से ध्यान देते हुए निर्देशित किया गया कि जिला अंतर्गत किसी भी पंचायत में शुन्य मानव दिवस नहीं रहना चाहिए, सभी पंचायतों में कम से कम 150 श्रमिकों को प्रतिदिन कार्य तथा प्रत्येक गांव में प्रतिदिन कम से कम 5 योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। इसके अलावा किसी भी परिस्थिति में प्राप्त आवंटन के विरुद्ध भुगतान में विलंब न हो तथा पुरानी लंबित योजनाओं को भी यथाशीघ्र पूर्ण कर लिया जाये।
समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तहत वित्तीय वर्ष 2016-21 व 2021-22 में लंबित कुल 5360 में 590 आवासों को, बाबा साहेब अंबेडकर आवास योजना में वित्तीय वर्ष 2016-21 तहत स्वीकृत 1560 के विरुद्ध लंबित 47 आवास में से 17 आवासों को तथा वित्तीय वर्ष 2022-23 के मई में स्वीकृत 457 आवास के विरुद्ध 70 आवासों को नवंबर माह के अंत तक पूर्ण कराने सहित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना अंतर्गत लाभुकों को मनरेगा से दैनिक मजदूरी देने हेतु प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर दैनिक मजदूरी दिलवाने तदुपरांत पोर्टल में पंजीकृत कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा आवास प्लस में छूटे हुए 1977 लाभुकों का न्यू जिओ टैग कराने व तकनीकी समस्या के कारण पंजीकृत नहीं हो रहे 887 लाभुकों का आवास पोर्टल में एडिट करके सही जॉब कार्ड दर्ज करने का निर्देश दिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse