टीम एबीएन, रांची। झारखंड में क्रिसमस के पहले नगर निकायों का चुनाव संपन्न करा लिया जायेगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तिथि निर्धारित कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेज दिया है। झारखंड में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत मिलाकर कुल 48 नगर निकायों का चुनाव कराना है। इनमें 13 नगर निकायों का चुनाव पहले से लंबित चला आ रहा है। शेष निकायों का कार्यकाल अगले साल अप्रैल में खत्म हो रहा है। संवैधानिक प्रावधानों के तहत छह महीने पूर्व चुनाव कराया जा सकता है, इसलिए सरकार ने सभी निकायों का एक साथ चुनाव कराने का फैसला लिया है।
राज्य निर्वाचन आयोग के प्रस्ताव पर नगर विकास विभाग को तारीख पर अंतिम फैसला लेना है। चुनाव के कार्यक्रम पर राज्यपाल की औपचारिक सहमति लेनी होगी। राज्यपाल की सहमति के बाद नगर विकास विभाग इससे संबंधित अधिसूचना जारी करेगा फिर चुनाव आयोग चुनाव के कार्यक्रम की जानकारी देगा। चुनाव आयोग चुनाव की तैयारी को लेकर लगातार जिला निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।
जिलों में नगर निकायों की नई मतदाता सूची, मतदान केंद्रों, वार्डों के आरक्षण का रोस्टर तैयार कर इसकी पूरी सूची राज्य निर्वाचन आयोग को भेजा जा चुका है। मतगणना केंद्र के बारे में भी चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधकारियों से रिपोर्ट मांगी है। चुनाव आयोग निकायों में चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गयी है। निकायों में मतदाता सूची व आरक्षण रोस्टर का प्रकाशन, वार्डों का परिसीमन, मतदान केंद्रों और स्ट्रांग रूम का गठन किया जा चुका है।
चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था के लिए आवश्यक फोर्स का आकलन कर शांतिपूर्ण मतदान कराने की पूरी योजना पहले ही तैयार कर ली गयी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त लगातार जिलों के उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse