भारत जोड़ो यात्रा से परेशान भाजपा ध्यान भटकाने को दे रही झूठे बयान : कांग्रेस

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मप्र में आने से पहले ही यहां की राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी तेज हो गई है। यात्रा के आने से पहले प्रदेश की राजनीति का पारा गर्मा गया है। यात्रा को लेकर सत्ता पक्ष भाजपा और विपक्षी कांग्रेस एक दूसरे के खिलाफ आक्रामक हो गए हैं और जमकर बयानबाजी कर रहे हैं। वहीं अब कांग्रेस ने भाजपा के बयानों पर पलटवार करते हुए झूठे बयान देने का आरोप लगाया है। 
कांग्रेस मीडिया विभाग की तरफ से बयान जारी कर भाजपा पर हमला बोला है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने गुरुवार को कहा है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से भारतीय जनता पार्टी बुरी तरह बौखला गई है। मध्यप्रदेश में यात्रा से पहले ही पूरी भारतीय जनता पार्टी और शिवराज सिंह चौहान सरकार यात्रा से ध्यान भटकाने के लिए झूठे बयान जारी कर रही है। 
मिश्रा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के मानसिक पतन की यह अवस्था हो गई है कि कमलनाथ जी के जन्मदिन के आयोजनों तक को विवाद पर लाने की कोशिश कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी मर्यादा तोड़ते हुए यहां तक बयान दे दिया मंदिर काटा गया है। राजनीतिक स्वार्थ के लिए भगवान के विषय में रहता निंदनीय झूठ बोलना बहुत शर्म की बात है। सभी को यह विदित होना चाहिए कि वहां केक काटा गया था और थमार्कोल से बनी मंदिर की प्रतिकृति अलग से रखी हुई थी। इसलिए मुख्यमंत्री का मंदिर काटने का बयान न सिर्फ हिंदू धर्म का अपमान है बल्कि झूठ फैलाने की कोशिश है। 
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इसी तरह ही एक अन्य बयान में मुख्यमंत्री ने खाद की जमाखोरी करने वाले और किसानों का उत्पीड़न करने वाले जमाखोरों का पक्ष लिया है। यह बताता है कि खुद को किसान का बेटा कहने वाले मुख्यमंत्री किसान विरोधी हो चुके हैं। मिश्रा ने कहा कि पूर्व सीएम कमलनाथ ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी से यह आग्रह किया कि वे संविधान और कानून के मुताबिक कार्य करें तो इस बार का मुख्यमंत्री और फैलाने में लग गए हैं। क्या मुख्यमंत्री यह कहना चाहते हैं कि अधिकारियों को संविधान के खिलाफ काम करना चाहिए। 
केके मिश्रा ने कहा कि मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग यह स्पष्ट करना चाहता है भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से झूठ प्रचार कर रही है वह राजनीति का स्तर गिराने वाला है। 100 बार झूठ बोलने से वह सच नहीं बन जाता। राहुल गांधी की यात्रा मध्य प्रदेश में ऐतिहासिक असर छोड़ेगी और भाजपा का झूठ ध्वस्त हो जायेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse