टीम एबीएन, पलामू/ रांची। मतदाता सूची में किसी तरह की कोई अशुद्धि नहीं रहनी चाहिए। यह एकुरेट हो, इसके लिए सभी को मिलकर प्रयास करनी चाहिए। डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने से संबंधित कार्य कर मतदाता सूची में एकुरेसी कराना सुनिश्चित करें। मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 के तहत 9 नवंबर 2022 से 8 दिसंबर 2022 तक चलाये जा रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से मतदाता सूची में नाम, पता आदि त्रुटियों को शुद्ध करने, फोटो अपडेट करने आदि से संबंधित कार्य किये जा रहे हैं। इसके अंतर्गत 12 एवं 13 नवंबर तथा 19 एवं 20 नवंबर 2022 को विशेष अभियान दिवस के तहत सभी मतदान केन्द्रों पर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह बातें मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज पलामू के समाहरणालय सभागार में पलामू जिले में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 को लेकर सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा निर्वाचक निबंधन एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।
आयुक्त ने कहा कि अभियान दिवस के दिन बीएलओ के द्वारा मतदान केंद्र पर उपस्थित होकर पंजीकरण, सुधार आदि के लिए दावा आपत्ति संबंधित प्रपत्र प्राप्त करना सुनिश्चित करें और निर्वाचन कार्य से जुड़े पदाधिकारी अभियान दिवस का मानिटरिंग करना सुनिश्चित करें। मतदाता सूची में नाम रहने से कोई भी मतदाता वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। पदाधिकारियों के साथ-साथ सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी इसपर ध्यान दें। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि सहयोग करते हुए लोगों को जागरूक करें। साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण मतदान केन्द्रवार बूथ लेबल एजेंट की सूची जिला को उपलब्ध करायें, ताकि उसे निर्वाचन आयोग को भेजा जा सके। पदाधिकारी एवं राजनीतिक दल आपसी समन्वय से जिले की मतदाता सूची त्रुटिहीन कराने में अपनी सहभागिता निभायें।
आयुक्त ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ के माध्यम से जागरूकता पोस्टर लगवाना, अक्टूबर- 2023 अहर्ता तिथि को मतदाता बनने की योग्यता रखने वाले नागरिकों का मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु अग्रिम आवेदन पत्र संग्रह कराना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के पर्यवेक्षण हेतु विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निदेश दिया। आयुक्त ने कहा कि इस कार्य में जिन बीएलओ का कार्य निराशाजनक है, उन्हें चिन्हित करें और पर्यवेक्षक को सक्रिय करें। जिन बीएलओ एवं पर्यवेक्षक का कार्य शिथिल है, उन्हें स्पष्टीकरण करें। उन्होंने वोटर कार्ड एवं आधार कार्ड लिंक करने के कार्यों में भी गति लाने का निदेश दिया। महिला एवं दिव्यांग मतदाताओं का नाम जोड़ने के लिए विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं से संबंधित एक रिपोर्ट संग्रह कर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं बहाल करने के लिए पहल करें।
दिनांक 1 जनवरी 2023, 1 अप्रैल 2023, 1 जुलाई 2023 एवं 1 अक्टूबर 2023 की अहर्ता तिथि को मतदाता बनने की योग्यता रखने वाले नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु प्रपत्र-6 में रंगीन फोटो एवं आयु तथा निवास प्रमाण पत्र के साथ अग्रिम आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने, अशुद्धि को शुद्ध करने के लिए आॅनलाइन एवं आफलाइन दोनों सुविधाएं निर्वाचन आयोग द्वारा उपलब्ध कराई गई है। आॅफलाइन व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति 6, 6 ए, बी और 7, 8 फॉर्म में आवेदन संबंधित बीएलओ/ईआरओ एवं एईआरओ को समर्पित कर सकते हैं। वहीं आॅनलाइन व्यवस्था के तहत एनभीएसपी पोर्टल या वोटर हेल्पलाइन ऐप के माध्यम से आवेदन समर्पित कर सकते हैं। बीएलओ के द्वारा आयोग स्तर से प्रायोजित ॠअफवऊअ अस्रस्र के माध्यम से भी संबंधित व्यक्तियों का आॅनलाइन आवेदन समर्पित करने की कार्रवाई की जायेगी।
आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अपील किया कि वे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का अधिक-से-अधिक प्रचार- प्रसार करें, ताकि उनके क्षेत्र का कोई भी मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से नहीं बचे। आयुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची को लेकर निर्धारित विशेष तिथियों को बीएलओ मतदान केंद्रों पर रहकर मतदाताओं का नाम शुद्धिकरण सहित त्रुटि रहित मतदाता सूची करने संबंधित अन्य कार्य कराना सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि किसी योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ने से नहीं छूटनी चाहिए। वहीं यदि किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है या वे अपने निर्धारित जगह छोड़कर बाहर चले गये हो, तो उनका नाम भी हटाना सुनिश्चित करें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की सुक्षमता को देखते हुए मतदाता सूची त्रुटिहीन बनाने की दिशा में सक्रियता से कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने बीएलओ को अहर्ता रखने वाले सभी नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सक्रियता से कार्य करने का निदेश दिया। इसके पूर्व उप निर्वाचन पदाधिकारी- सह-नजारत उप समाहर्ता शैलेश कुमार सिंह ने बैठक में उपस्थित सभी का स्वागत करते हुए विषय प्रवेश कराया।
बैठक में मतदाता सूची प्रेक्षक सह आयुक्त जटा शंकर चौधरी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आंजनेयुलू दोड्डे, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार सिंह, पांकी के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह जिला आपूर्ति पदाधिकारी शब्बीर अहमद, डालटनगंज के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार साह, छतरपुर के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी नरेंद्र प्रसाद गुप्ता, हुसैनाबाद के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी कमलेश्वर नारायण के अलावा सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse