एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। टी-20 वर्ल्ड कप में भले ही टीम इंडिया विजेता न बनी हो, लेकिन टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी एक बार फिर विजेता बनकर उभरे हैं। जी हां दुनिया को अपनी फिटनेस का दीवाना बना देने वाले माही ने झारखंड टेनिस टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीत ली है। एक तरफ जहां टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा की फिटनेस पर जहां लगातार सवाल उठ रहे हैं। वहीं चालीस पार माही ने अपनी फिटनेस से दुनिया को चौंका दिया है। टेनिस ग्राउंड पर भी धोनी की फुर्ती क्रिकेट ग्राउंड पर नजर आने वाले पुराने महेंद्र सिंह धोनी की चुस्ती और फुर्ती के बराबर ही नजर आयी।
धोनी और उनकी टीम चैंपियन
क्रिकेट के धुरंधर महेंद्र सिंह धोनी का जलवा अब टेनिस में भी जाहिर हो गया है। रांची के जेएससीए में कंट्री क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित झारखंड टेनिस टूर्नामेंट में धोनी और उनकी टीम चैंपियन बनी है। सोमवार को फाइनल मुकाबले के बाद धोनी, सुमित बजाज, रोहित और विनीत की टीम को चैंपियनशिप की टॉफी दी गई। धोनी की टीम ने कन्हैया, कैफ, रसेल और दीपंकर की टीम को हराया। सोमवार की शाम जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के टेनिस ग्राउंड में खेले गए फाइनल मुकाबले के बाद सभी विजेताओं को ट्रॉफी दी गई।
कंट्री क्रिकेट क्लब के सचिव अजय नाथ शाहदेव ने महेंद्र सिंह धोनी को चैंपियनशिप की ट्रॉफी दी। इसके अलावा अलग-अलग वर्गों के विजेताओं को भी ट्रॉफी दी गई। कई विजेताओं को धोनी ने खुद ट्रॉफी प्रदान की। झारखंड टेनिस टूर्नामेंट के पूरे मैच के दौरान धोनी और उनके जोड़ीदार सुमित बजाज का प्रदर्शन शानदार रहा। सेमीफाइनल और फाइनल में भी धोनी ने सीधे सेटों में अपने प्रतिनिधियों को हराया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse