एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 474 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4,46,67,398 हो गई। छह अप्रैल 2020 के बाद सामने आये ये सबसे कम दैनिक मामले हैं, तब 354 दैनिक मामले सामने आये थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से मंगलवार सुबह 8 बजे जारी अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, गुजरात में संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत होने से देश में संक्रमण से मौत के मामले बढ़कर 5,30,533 हो गये।
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 7,918 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.02 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.79 प्रतिशत हो गयी है। देश में अभी तक कुल 4,41,27,724 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। मंत्रालय की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 219.81 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
गौरतलब है कि भारत में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे। देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गयी थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के कुल मामले चार करोड़ के पार हो गये थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse