सारंडा के घनघोर जंगल के बीच जंबाइबुरु पहुंची सरकार आपके द्वार

 

टीम एबीएन, चक्रधरपुर/ रांची। आज जिले के सुदूरवर्ती प्रखंड नोआमुंडी के पंचायत मेघाहातुबुरु के सारंडा वन ग्राम क्षेत्र के घनघोर जंगलों के बीच बसा ग्राम जंबाइबुरु में आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य की महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री जोबा माझी, जिला उपायुक्त अनन्य मित्तल, उप विकास आयुक्त संदीप बक्शी, प्रशिक्षु आईएएस ओम प्रकाश गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर शंकर एक्का, जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सुरिन, जिला परिषद सदस्य नोआमुंडी भाग -1 श्रीमती देवकी कुमारी, प्रखंड प्रमुख, प्रखंड उप प्रमुख, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोआमुंडी, अंचलाधिकारी नोआमुंडी, संबंधित पंचायत के मुखिया, जनप्रतिनिधि, स्थानीय मुंडा- मानकी सहित प्रखंड व अंचल स्तरीय अन्य कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री जोबा माझी के द्वारा क्रमवार शिविर में लगाये गये विभिन्न विभागों के स्टालों का भ्रमण कर निरीक्षण किया गया तथा विभागों द्वारा शिविर में उपस्थित प्रतिनिधियों से लाभुकों को दी जा रही लाभ के प्रति जानकारी भी प्राप्त किया गया। साथ ही शिविर में उपस्थित विभागों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि संबंधित विभाग द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी ग्रामीणों के बीच साझा किया जाए ताकि अहतार्धारी लाभुक योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सके। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि एक भी अहतार्धारी लाभुक योजनाओं से वंचित ना रहे इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए। राज्य की महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की मंत्री जोबा माझी के द्वारा शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में संबोधित करते हुए कहा गया कि आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए आज सरकार आपकी जरुरतों को पूरा करने के लिए आपके घर तक आयी हैं। अपनी समस्याओं को हमारे पास निर्भीक होकर रखें। मैं आपको भरोसा दिलाती हूं कि आपकी समस्याओं का निष्पादन शिविर में या निश्चित समय में अवश्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा देने के लिए सरकार हर संभव मदद कर रही है। बच्चों को पढ़ायें और बालिग होने पर ही विवाह करें। कम उम्र में बच्चियों की शादी करने से बच्चों पर उसका प्रभाव पड़ता है और कुपोषित बच्चों की बढ़ती संख्या का भी मुख्य कारण यही है। हम आपके क्षेत्र में बिजली, पानी, स्वास्थ्य के तरफ बेहतर कदम उठा रहे हैं, और शीघ्र ही आपको सभी प्रकार की मौलिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। सरकार द्वारा प्रदान की जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठायें। माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में संचालित आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए सरकार के द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति को भी लाभ प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। जिला उपायुक्त ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम का आरंभ 12 अक्टूबर को किया गया था जो कि दो चरणों में संचालित होते हुए अब जिले के 217 पंचायतों को कवर करते हुए 14 नवंबर को समापन के ओर हैं। राज्य के मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जिले के सभी पंचायतों और वार्ड क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन कर आवेदन प्राप्त किया गया और उसका शिविर में या निश्चित समय में निष्पादन करने का कार्य किया जा रहा है। पिछले वर्ष कार्यक्रम की सफलता को देखते हुए इस वर्ष भी कार्यक्रम में आयोजित शिविरों का प्रचार-प्रसार स्थानीय मुंडा, मानकी, मुखिया गण, जनप्रतिनिधियों और जिले के द्वारा संचालित एलईडी वाहन के द्वारा भरपूर किया गया जिसका परिणाम है, आयोजित शिविरों में बड़े पैमाने पर आमजनमानस ने भाग लिया अब तक लगभग जिले में कुल 03 लाख आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनको आगामी कुछ दिनों के भीतर पूर्णता निष्पादित कर दिया जाएगा। जिला उपायुक्त के द्वारा शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टाल और उनके द्वारा दी जा रही योजना के संबंध में विस्तृत में जानकारी दी और उपस्थित लोगों से अपील किया कि आप जिस भी जनकल्याणकारी योजना में अहर्ता रखते हैं तो संबंधित विभाग का स्टॉल में जाएं और योजना का लाभ ससमय या निश्चित समय में अवश्य प्राप्त करें। जिला उपायुक्त ने कहा कि ग्राम तक आने हेतु सड़क की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है। आने वाले दिनों में हम बिजली, पानी और स्वास्थ्य की ओर कार्य करने में भी अग्रसर है। उन्होंने कहा कि किरीबुरू में प्रसूति वार्ड भी विकसित करने की ओर हम अग्रसर है, जहां माता और बच्चे के स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं का समुचित उपचार किया जएगा। मोबाइल मेडिकल वन की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है, ताकि सुदूरवर्ती क्षेत्र में मेडिकल वन की मदद से उपचार किया जा सके। आज के कार्यक्रम में किए गए परिसंपत्ति वितरण : फूलो झानो आशीर्वाद योजना के तहत 04 लाभुकों के बीच प्रति लाभुक 10,000 के चेक का किया गया वितरण, एक एसएसजी ग्रुप के बीच एक लाख का चेक का वितरण, 06 लाभुकों के बीच दिव्यांग यंत्र का वितरण किया गया, 18 किशोरी छात्राओं को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना से आच्छादित किया गया, 10 लाभुकों को सर्वजन पेंशन योजना के तहत ससमय लाभ प्राप्त किया गया, 265 लाभुकों के बीच कंबल का वितरण किया गया। 06 माताओं का गोद भराई की रस्म की गयी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse