टीम एबीएन, गढ़वा (पलामू)/ रांची। निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 की शुरूआत की गई है। इस दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधित करने, फोटो अपडेट करने आदि से संबंधित दावा/ आपत्ति संबंधित प्रपत्र प्राप्त की जा रही है। यह कार्यक्रम 9 नवंबर से शुरू हुई है, जो 8 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान यदि कोई नागरिक 1 जनवरी 2023 को या इसके पूर्व 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं एवं मतदाता बनने की अहर्ता रखते हैं, तो मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम में राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके पूर्ण सहयोग से स्वच्छ, शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची के निर्माण में सुविधा होगी। कार्यक्रम के तहत जिले में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाता सूची में नाम जोड़वाना सुनिश्चित करायें। यह बातें मतदाता सूची प्रेक्षक-सह-आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज गढ़वा जिले के समाहरणालय सभागार में मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2023 के तहत सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, अन्य जनप्रतिनिधियों, जिला निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। आयुक्त ने विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि आमजनों को जागरूक करने, मतदाता सूची में योग्य मतदाताओं का नाम निबंधन कराने सहयोग करें। इससे उन्हें भी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल मूल रूप से आम व्यक्तियों के संपर्क में होते हैं। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट की प्रतिनियुक्ति करने एवं उसकी सूची तीन दिनों के अंदर जिला निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने अपील की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक दल के प्रतिनिधि अपने संबंधित क्षेत्र के मतदाता सूची में महत्वपूर्ण व्यक्तियों एवं अन्य व्यक्तियों जिनकी आयुसीमा 18 वर्ष पूर्ण हो चुका है, उनका नाम देखकर आश्वस्त हो लें कि किसी का नाम छूट तो नहीं रहा है या संशोधन की आवश्यकता है। साथ ही इस संबंध में संबंधित पदाधिकारी के संज्ञान में लाते हुए आवश्यकता अनुसार नाम पंजीकरण/सुधार करवाने में सहयोग कर सकते हैं। आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची एक्यूरेट हो, ताकि मतदान के दिन समस्या उत्पन्न नहीं हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत डोर-टू-डोर अभियान में पदाधिकारी जाना सुनिश्चित करें। इससे नाम जोड़वाने एवं नाम जोड़ने वाले व्यक्तियों में उत्सुकता बढ़ेगी और वे मतदाता सूची में नाम जोड़वाने के लिए आगे आएंगे। उन्होंने आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ लेने वाली बालिकाओं को मतदाता सूची में नाम जोड़वाने हेतु आवश्यक पहल करने का निदेश दिया, ताकि इन बालिकाओं का नाम मतदाता सूची में सीधे रूप से जुड़ सके। आयुक्त ने दिव्यांग मतदाताओं की पहचान करते हुए उन्हें मतदाता सूची में नाम जोड़वाने के लिए विशेष पहल करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग मतदाताओं का शत प्रतिशत नाम जोड़वाकर गढ़वा जिला राज्य में उदाहरण पेश करें। आयुक्त ने जेंडर रेशियों की गैप को कम करने के लिए योग्य महिलाओं का नाम मतदाता सूची में निबंधित करने का निदेश दिया। उन्होंने इसके लिए महिला मतदाताओं को जागरूक करने एवं महिलाओं को प्रेरित करने का निदेश दिया। उन्होंने बैठक में उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों से यह सुनिश्चित कराने का संकल्प लेने की अपील किया कि उनके क्षेत्र में एक महिला मतदाता, मतदाता सूची में नाम जोड़ने से नहीं छूटे हैं। उन्होंने जेएसएलपीएस के सहयोग से सखी मंडल की दीदियों को लगाकर महिलाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने हेतू प्रेरित करने का निदेश दिया। आयुक्त ने आधार को मतदाता पहचान पत्र से जोड़ने में गढ़वा जिला को अव्वल आने पर गढ़वा जिला प्रशासन को बधाई दी। स्वीप के तहत चलायें जागरूकता कार्यक्रम : आयुक्त ने आम मतदाताओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से स्वीप के तहत मतदान केंद्र स्तर से लेकर जिला स्तर तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करने का भी निदेश दिया। इन कार्यक्रमों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि से भी सहयोग करने की अपील की। इसके अलावा आयुक्त ने कॉलेज में कैंपस एंबेसडर की सेवा लेकर नए योग्य मतदाताओं के निबंधन को बढ़ावा देने की कार्रवाई करने का निदेश दिया। समाहरणालय में आयोजित बैठक में मतदाता सूची प्रेक्षक-सह- आयुक्त जटा शंकर चौधरी, जिला निर्वाचन पदाधिकारी -सह-उपायुक्त रमेश घोलप, अपर समाहर्ता पंकज कुमार सिंह, उप निर्वाचन पदाधिकारी अरूण उरांव, गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी राज महेश्वरम, भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी -सह-श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल पदाधिकारी आलोक कुमार, चिनिया के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी काली दास मुंडा, गढ़वा के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी- सह- अंचल अधिकारी मयंक भूषण, भवनाथपुर के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी- सह- प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो, नगर उंटारी के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह- प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण राम, डंडई के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी- सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमा उरांव आदि उपस्थित थे। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse