स्कूल आफ एक्सीलेंस के लिए चयनित केजी स्कूल में शिक्षा की गुणवत्ता जांचने पहुंचे पलामू आयुक्त

 

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। स्कूल आॅफ एक्सीलेंस के लिए चयनित राजकीय बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय (केजी स्कूल) में शिक्षा की गुणवत्ता जांचने आयुक्त जटा शंकर चौधरी आज अचानक स्कूल पहुंचे। उन्होंने विद्यालय में गुणात्मक शिक्षा सुनिश्चित कराने एवं कमजोर छात्राओं के लिए रिमेडियल क्लास कराकर मेन स्ट्रीम में जोड़ने का सख्त निदेश दिया। आयुक्त ने शिक्षकों का लेसन प्लान बारीकी से चेक किया, तो पाया कि लेसन प्लान बनाने में शिक्षकों द्वारा खानापूर्ति की गई है। उन्होंने इसपर असंतोष व्यक्त करते हुए पूरी विस्तृत रूप से लेसन प्लान तैयार करने एवं ईमानदारी से कक्षा लेते हुए क्षात्राओं को पढ़ाने पर बल दिया। शिक्षण व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रभारी प्राचार्या को विशेष ध्यान रखने का निदेश दिया। शिक्षकों से बातचीत में पता चला कि शिक्षकों द्वारा प्रतिदिन औसत 4 घंटी ही क्लास लिया जा रहा है। आयुक्त ने इसे गंभीरता से लेते हुए शिक्षकों को 6 घंटी क्लास लेने एवं कमजोर बच्चों को अलग से विशेष कक्षा चलाते हुए रिमेडियल क्लास कराकर उन्हें मेन स्ट्रिम में जोड़ने का सख्त निदेश दिया। आयुक्त ने विद्यालय में पदस्थापित पीजीटी एवं टीजीटी शिक्षकों से शैक्षणिक जानकारी ली। उन्होंने पाया कि प्लस टू में गणित विषय में केवल 9 छात्राएं नामांकित हैं, जबकि नियमित रूप से 3 छात्राएं ही विद्यालय आती हैं। आयुक्त ने पीजीटी शिक्षक को ही प्लस टू वाले छात्राओं को पढ़ाने का निदेश दिया। साथ ही एक पीजीटी गणित शिक्षक को वैसे दूसरे विद्यालय में तत्काल प्रतिनियोजन करने का निदेश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया जहां गणित विषय के शिक्षक की कमी है। इससे संबंधित पदस्थापन प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेजने का भी निदेश दिया। उन्होंने इस विद्यालय में महिला शिक्षकों को पदस्थापित करने पर जोर दिया। आयुक्त ने विद्यालय में प्रैक्टिकल कक्षाओं के संचालन की भी जानकारी ली। उन्होंने पिछले 6 माह से बंद पड़े प्रैक्टिकल कक्षाओं को तत्काल संचालित करते हुए रिपोर्ट भेजने का निदेश दिया। उन्होंने वोकेशनल कोर्स की इंस्ट्रक्टर चंदा कुमारी से बात कर वोकेशनल कोर्स संचालन की जानकारी ली। उन्होंने वोकेशनल कोर्स के कक्षा का भी निरीक्षण किया। वर्तमान में वहां रंगरोगन वह सुसर्जीकरण का कार्य चल रहा था। इंस्ट्रक्टर ने बताया गया कि यहां पर्यटन, आतिथ्य एवं आईटी की कक्षाएं संचालित होती है। आयुक्त ने इस कोर्स में छात्राओं को ग्रेजुएट कराने के लिए पहल करने का निदेश दिया, ताकि इन वोकेशनल कोर्स के लिए छात्राओं में रूचि जागृत हो सके। आयुक्त ने विद्यालय में संचालित विभिन्न कक्षा दसवीं-ए, नवीं-बी एवं सी आदि कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्राओं से शैक्षणिक एवं पेयजल, शौचालय आदि मूलभूत समस्याओं से हुए रू-ब-रू हुए। छात्राओं द्वारा गंदा पानी आने की शिकायत पर आयुक्त ने पीएचईडी के अभियंता से विद्यालय के पानी की जांच कराने और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। बीएड की एक प्रशिक्षु शिक्षिका सुषमा कुमारी द्वारा पढ़ाई के दौरान शाब्दिक अशुद्धियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने उन्हें सही से पढ़ाने का निदेश दिया। उन्होंने इनके संबंधित ु.ी िकॉलेज के प्राचार्य को अनुशंसा करने का निदेश दिया कि इनके पढ़ाने की क्षमता का आकलन कर वे रिपोर्ट सौंपें। साथ ही विषय विशेषज्ञ शिक्षकों को कक्षा में पीछे बैठकर सही-गलत का ध्यान रखने और और सही पढ़ाने के लिए प्रेरित करने का निदेश दिया। आयुक्त ने अनुपस्थित लिपिक प्रीतम कुमार को निलंबित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया। साथ ही उनके अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करने के लिए प्रभारी प्राचार्या से भी शो-कॉज पूछने का निदेश दिया। आयुक्त ने विद्यालय परिसर में लगे झाड़ी को देख नाराजगी जताई और विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या को एक सप्ताह के अंदर सभी झाड़ी की सफाई सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में स्वच्छता से शैक्षिक माहौल और बेहतर बनेगा। साथ ही छात्राएं यहां खेलकूद कर अपनी शारीरिक एवं मानसिक विकास कर सकेंगी। आयुक्त के औचक निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय शिक्षा संयुक्त निदेशक शिवनारायण साह, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी, जिला शिक्षा अधीक्षक मनोज कुमार, विद्यालय की प्रभारी प्राचार्या सुषमा कुमारी आदि उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse