एबीएन सेंट्रल डेस्क। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती हवाओं के क्षेत्र से तमिलनाडु व आसपास के राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेन्नई समेत कुछ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते तमिलनाडु के तीन जिलों के स्कूल-कॉलेजों में एक नवंबर को अवकाश घोषित किया गया है। आईएमडी की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नागपट्टिनम, मयिलादुथुराई और तिरुवरुर जिलों के स्कूल और कॉलेज आज बंद रहेंगे। मौसम विभाग चेन्नई के अनुसार आज भारी बारिश के साथ बादल छाए रहेंगे। चेन्नई के कई इलाकों में आज सुबह बारिश हुई। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे श्रीलंका तट पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, एक ट्रफ रेखा ऊपर चक्रवात हवाओं के रूप में तमिलनाडु और केरल होते हुए दक्षिण-पूर्व अरब सागर तक फैली हुई है। उधर, पश्चिमी हिमालय के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 4 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर पहुंच सकता है। इसके असर से उत्तर भारत में बारिश, बर्फबारी हो सकती है और ठंड चमक सकती है। पिछले 24 घंटों से तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय है। इसके असर से तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। कुछे स्थानों पर भारी बारिश हुई। आंतरिक तमिलनाडु में छिटपुट हल्की बारिश हुई। जम्मू कश्मीर, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश और हिमपात हुआ। अगले 24 घंटों में तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय तमिलनाडु में कुछ स्थानों मध्यम से भारी बारिश संभव है। इसी तरह आंतरिक तमिलनाडु, केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और रायलसीमा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में छिटपुट हल्की बारिश और हिमपात हो सकता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse