एबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल में 3 साल में पहली बार हैलोवीन फेस्टिवल का आयोजन हुआ था। कोरोना महामारी के चलते कड़े प्रतिबंधों की वजह से इस प्रोग्राम का आयोजन नहीं किया जा रहा था। हालांकि इस साल जब पूरी तैयारियों के साथ इसका आयोजन किया गया तो एक दुखद घटना ने सबको झकझोर कर रख दिया। हैलोवीन पार्टी को लेकर लोग बेहद खुश थे। कई विदेशी नागरिकों ने भी इसमें शिरकत की थी। जैसा कि यह प्रोग्राम तीन साल बाद हो रहा था, इसलिए भारी संख्या में लोग इसका हिस्सा बने थे। लेकिन हैलोवीन के दौरान जब भीड़ एक संकरी गली में घुसी तो पल भर में कई लोगों की सांसे उखड़ गयी। एक दूसरे से आगे निकलने की कोशिश में कई लोग भीड़ के पैरों तले आ गये। कोई बचाने की कोशिश भी नहीं कर सकता था, क्योंकि अगर कोई ऐसा करता तो वह भी भीड़ द्वारा कुचला जाता। सियोल में हुई हैलोवीन भगदड़ में अब तक 151 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अधिकारियों का कहना है कि मौत की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना है; क्योंकि घायलों में कई लोगों की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि जिस संकरी रोड से लोगों की भीड़ निकलने की कोशिश कर रही थी, वो सैकड़ों लोगों से खचाखच भरी थी। उस गली की चौड़ाई 13 फुट थी और 13 फुट चौड़ी गली में लगभग 1,00,000 लोग मौजूद थे। कोरियाई मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भीड़ तब ज्यादा बढ़ गयी, जब गली के पास एक लोगों को एक सेलिब्रिटी दिखाई दी। भीड़ जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गये। इस स्थिति में कई लोगों को घुटन महसूस होने लगी और हार्ट अटैक आया। भीड़ की वजह से एम्बुलेंस को घायलों तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पुलिस कारों के ऊपर खड़ी थी और लोगों से कह रही थी कि वे इलाके को तुरंत खाली कर दें और एम्बुलेंस के लिए रास्ता बनने दें। कई लोग इस दौरान इस घटना से अंजान थे और सड़क पर नाच-गा रहे थे। भीड़ के कारण एम्बुलेंस तुरंत मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन ने पीड़ितों को सीपीआर दिया। भगदड़ की इस घटना में 19 विदेशी नागरिक भी मारे गये हैं। मारे गये विदेशियों में ईरान, नॉर्वे, चीन और उज्बेकिस्तान के नागरिक शामिल हैं। फायर सर्विस का कहना है कि पीड़ितों में ज्यादातर 20 साल के आसपास की उम्र के लोग है। कोरोना महामारी के बाद से यह पहला आउटडोर नो-मास्क हैलोवीन प्रोग्राम था। तीन साल में पहली बार यह उत्सव होने जा रहा था। हालांकि भगदड़ की घटना ने इस उत्सव को मातम में बदल दिया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse