एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। वेस्ट इंडीज क्रिकेट टीम के कोच फिल सिमंस ने टी20 विश्व कप 2022 के पहले ही दौर में टीम के बाहर होने के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सिमंस ने क्रिकेट वेस्ट इंडीज की ओर से सोमवार रात जारी बयान में कहा, मैं स्वीकार करता हूं कि केवल टीम ही नहीं बल्कि उन राष्ट्रों को भी दुख पहुंचा है जिनका हम प्रतिनिधित्व करते हैं। यह निराशाजनक कि हम सही मौके पर प्रदर्शन ही नहीं कर पाए। वेस्ट इंडीज टी20 विश्व कप के पहले दौर में अपने ग्रुप की सबसे निचली टीम होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। उसने अपने दूसरे मैच में जिम्बाब्वे को हराया लेकिन पहले और तीसरे मैच में उन्हें क्रमश: स्कॉटलैंड और आयरलैंड से शिकस्त मिली थी। उन्होंने कहा, हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया और अब हमें एक टूर्नामेंट को अपनी आंखों के सामने घटते हुए देखना होगा जिसका हम हिस्सा नहीं हैं। मैं यह सोच भी नहीं सकता था और इसके लिए मैं अपने प्रशंसकों से माफी मांगता हूं। यह जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि एक ऐसा कदम है जिस पर मैं कुछ समय से विचार कर रहा हूं। आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के बाद मैं वेस्ट इंडीज के कोच का पद छोड़ दूंगा। सिमंस ने अक्टूबर 2019 में वेस्ट इंडीज कोच का पदभार संभाला था। इससे पहले वह विंडीज को 2016 में टी20 विश्व कप जिता चुके थे। उनके दूसरे कार्यकाल के दौरान टीम ने टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन टी20 की कहानी अलग रही। टी20 विश्व कप 2021 में विंडीज को पांच में चार मैचों में हार मिली जबकि पिछले सप्ताह वह तीन में से दो मैच हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई। सिमंस ने कहा कि वह पद छोड़ने से पहले टी20 विश्व कप में हुईं गलतियों की समीक्षा बैठक में हिस्सा लेंगे। सिमंस ने कहा, यह उम्मीद से पहले हुआ, लेकिन अब मैं अपनी ऊर्जा का इस्तेमाल आॅस्ट्रेलिया में टेस्ट टीम की उत्कृष्ट प्रगति को आगे बढ़ाने के लिये करूंगा क्रिकेट वेस्ट इंडीज के अध्यक्ष रिकी स्केरिट ने सिमंस को उनकी मेहनत के लिये धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके आदर्शों ने युवा खिलाड़ियों को खेल के मैदान पर और बाहर मार्गदर्शन दिया। स्केरिट ने कहा, सिमंस परिवर्तन के एक बहुत ही महत्वपूर्ण दौर में टीम में मूल्यवान अनुभव और स्थिरता लेकर आए। हम उनके भविष्य के प्रयासों में उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse