सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत लाभुकों तक पहुंच रही जनोपयोगी योजनाएं : आयुक्त

 

टीम एबीएन, लातेहार/ रांची। आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सरकार की जनउपयोगी योजनाएं लोगों तक पहुंच रही है। यह कार्यक्रम लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हुई है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लाभुकों को एक ही स्थान पर सुलभ हो पा रहा है। इसके लिए उन्हें कार्यालय या पदाधिकारियों के पास जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है, बल्कि सरकारी पदाधिकारी ही आमलोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ देने पहुंचे हैं। यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे आज आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत पलामू प्रमंडल के लातेहार जिले के धनकारा पंचायत में आयोजित शिविर में बोल रहे थे। आयुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्व प्रचारित है। इसके लिए लोगों को जागरूक किया गया है, ताकि वे सरकार की योजनाओं का अधिक-से-अधिक लाभ ले सकें। जिले के बॉर्डर क्षेत्र में शिविर को लगाने का मुख्य उद्देश्य बॉर्डर क्षेत्र के जरूरतमंद एवं योग्य लाभुकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं से आच्छादित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं सभी वर्ग के लोगों के लिए है। 60 से अधिक आयुवर्ग के लिए सर्वजन पेंशन योजना है। वहीं बालिकाओं के लिए सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना है,जो बालिकाओं को उच्च शिक्षा में मदद करेगी। आयुक्त ने कहा कि फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के माध्यम से सरकार महिलाओं को सशक्त कर रही है। हड़िया-दारु बेचने जैसी कुरीतियों से जुड़े महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर सम्मानजनक जिंदगी जीने लगी हैं। साथ ही वे सशक्त हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना का लाभ लेकर लोग कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में रोजगार सृजन कर सकते हैं। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के बारे में उन्होंने कहा कि इस योजना से स्वरोजगार करने में लोगों को आसानी हुई है। बिरसा किसानों के लिए केसीसी है। इसका लाभ लेकर किसान भाई कृषि कार्य को बढ़ा रहे हैं। धोती-साड़ी वितरण योजना का लाभ साल में दो बार लोगों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पलामू प्रमंडल में इस वर्ष कम बारिश हुई है। बारिश पर किसी का नियंत्रण भी नहीं है। ऐसे में लोगों को रोजगार मिले, इसके लिए मनरेगा योजना के तहत जॉब कार्ड दिया जा रहा है। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना लागू की गई है, जिससे स्वरोजगार करना आसान हुआ है। अन्य जनोपयोगी योजनाओं को लाकर सरकार जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित कर रही है, ताकि वे मजबूत हो सके। उन्होंने अपील किया कि आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम में सभी लोग आगे आएं और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लें। उप विकास आयुक्त सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम के तहत सरकार आप तक योजनाओं की सौगात लेकर आई है। माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार की है और उन योजनाओं का लाभ से लाभान्वित करने के लिए पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से ले सकें। उन्होंने कहा कि लातेहार जिले में 2 लाख से अधिक लोगों को लाभांवित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, सर्वजन पेंशन योजना, केसीसी, सोना सोबरन सहित अन्य योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी। साथ ही योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने पर बल दिया। जिला परिषद अध्यक्षा पूनम देवी ने कहा कि लातेहार जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्र के लोग कार्यालय जाकर योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। लोगों में जागरूकता का भी अभाव है। ऐसे में सरकार आपकी योजना-आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से पंचायतों तक पहुंची है। यहां आकार लोग आवेदन दें और योजनाओं का लाभ उठायें। प्रमंडलीय जनसंपर्क इकाई, पलामू की ओर से कलाकारों ने नुक्कड़-नाटक प्रस्तुत किया। ओम शांति नाटक के माध्यम से सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गयी। कलाकारों के अभिनय से दर्शक काफी खुश हुए। साथ ही मंच पर उपस्थित अतिथियों में भी कलाकारों के अभिनय को सराहा और इसके संदेश से प्रेरणा लेते हुए जागरूक रहने को कहा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये थे, जहां सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा था। अतिथियों ने भी लाभुकों को आॅन स्पॉट योजनाओं का लाभ दिया। साथ ही परिसंपत्तियों का भी वितरण किया। कार्यक्रम में उक्त अतिथियों के अलावा आईटीडीए डायरेक्टर विंदेश्वरी ततमा, अपर समाहर्ता आलोक शिकारी कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार शेखर कुमार, जिला योजना पदाधिकारी संतोष भगत, श्रम अधीक्षक लक्ष्मी कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि हरिशंकर यादव, जिला परिषद सदस्य विनोद उरांव, प्रखंड प्रमुख परशुराम दोहरा, अशोक पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार, लाभुक उपस्थित थे।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse