एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क (अभय कुमार सिंह)। फीफा विश्व कप के इतिहास में अब तक 14 शुभंकर रहे हैं। शुभंकर, लंबे समय से फीफा वर्ल्ड कप का अहम हिस्सा रहा है। खासतौर पर बच्चों में यह काफी लोकप्रिय रहता है। शुभंकर ना सिर्फ वर्ल्ड कप का प्रचार करता है बल्कि लोगों का मनोरंजन भी करता है। हर वर्ल्ड कप के लिए शुभंकर का चयन प्रशंसकों की वोटिंग के आधार पर होता है। साल 1966 में इंग्लैंड में हुए फीफा विश्व कप से शुभंकर की शुरुआत हुई और फीफा विश्व कप के इतिहास में तब से लेकर अब तक 14 शुभंकर रहे हैं। --------- फीफा वर्ल्ड कप 2022 का शुभंकर है लाइब : फीफा वर्ल्ड कप 2022 के लिए लाइब को आधिकारिक शुभंकर बनाया है। लाइब एक अरबी शब्द है, जिसका अर्थ होता है, विशेष गुण और क्षमता वाला खिलाड़ी। फीफा ने एक बयान में कहा कि लाइब सभी को खुद पर आत्मविश्वास बनाये रखने के लिए प्रेरणा देना का काम करता है। फुटबॉल फैंस को पसंद आयेगा लाइब : टूर्नामेंट के उप महानिदेशक खालिद अली अल मावलवी का कहना है कि शुभंकर-कविता से आता है, एक ऐसा स्थान जो अवर्णनीय है। हम सभी को यह कल्पना करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं कि यह कैसा दिखता है। हमें यकीन है कि प्रशंसकों को यह मजेदार और चंचल चरित्र पसंद आएगा। लाइब इस फीफा को रोमांचक बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा क्योंकि इस वर्ल्ड कप को देखने के लिए हर उम्र के लोग आते हैं। ---------- 1. शुभंकर की शुरुआत 1966 में इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए वर्ल्ड कप से हुई। इसके बाद से यह परंपरा आज तक चल रही है। इस विश्व कप के शुभंकर का नाम "विली" था। -------- 2.मैक्सिको में 1970 में खेले गए फीफा विश्व कप के शुभंकर का नाम "जूनिटो" था। यह एक आम मैक्सिकन लड़का था, जो हैट पहना हुआ था। ---------- 3. साल 1974 में जर्मनी में आयोजित फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर "टिप और टैप" थे। इसमें जर्मनी टीम की किट पहने दो स्थानीय लड़कों को दिखाया गया। -------- 4. साल 1978 में अर्जेंटीना में फीफा विश्व कप का आयोजन हुआ। नेशनल टीम की ड्रेस पहने इस शुभंकर में ठेठ अर्जेंटीनी लड़के "गोचिटो" को प्रसन्न मुद्रा में दिखाया गया। यह इंसान के रूप में बनाया गया अंतिम शुभंकर था। --------- 5.स्पेन में 1982 में खेले गये फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर "नारंगजिटो" एक फल संतरा था। यह फल स्पेन में काफी प्रसिद्ध है। -------- 6. साल 1986 में आयोजित फीफा विश्व कप में मैक्सिको ने "पीक" को शुभंकर बनाया। यह यहां की एक प्रसिद्ध मिर्च है, जिसका इस्तेमाल मैक्सिकन खाने में बहुत किया जाता है। --------- 7. साल 1990 में इटली में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में शुभंकर "सियोओ" था। एक स्टिक खिलाड़ी बनाया गया था, जिसका सिर फुटबॉल के रूप में था। ----------- 8. साल 1994 में फीफा विश्व कप का आयोजन अमेरिका में हुआ। अमेरिकी लोगों को कुत्ते पालना बहुत पसंद है और इसी की तर्ज पर यहां खेले गये वर्ल्ड कप का शुभंकर "स्ट्राइकर" बनाया गया। --------- 9. साल 1998 में फीफा विश्व कप का आयोजन फ्रांस में हुआ। फ्रांस का राष्ट्रीय चिह्न मुर्गा है। इसी की शक्ल के आधार पर यहां खेले वर्ल्ड कप का शुभंकर "फूटिक्स" बना। यह फ्रांस की किट के रंग नीले में रंगा था। --------- 10. साल 2002 में जापान और कोरिया की मेजबानी में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप में तीन शुभंकर थे। इसमें एटो "कोच, जबकि "काज" और "निक" खिलाड़ी थे। --------- 11.साल 2006 में जर्मनी में खेले गये फीफा वर्ल्ड कप का शुभंकर गोल और लियो से मिलकर "गोलियो" बना। इसमें एक शेर जर्मनी टीम की टी-शर्ट पहने था। -------- 12. साल 2010 में फीफा विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में हुआ था। तेंदुआ दक्षिण अफ्रीका में काफी पाया जाता है। इसी पर आधारित शुभंकर बनाया गया। इसका नाम "जाकूमी" था। ---------- 13. साल 2014 में ब्राजील में हुए फीफा विश्व कप में वहां की विलुप्त होती कई देशी प्रजातियों को शुभंकर के रूप में दर्शाया गया, जिसका नाम "फूलेको" था। ब्राजील में घने जंगल हैं। इनमें कई दुर्लभ जीव-जंतु मिलते हैं। -------- 14. साल 2018 में रूस में होने में आयोजित किये गये फीफा वर्ल्ड कप में चश्मा पहने भेड़िया को शुभंकर के रूप में चुना गया है। स्पेस सूट पहने इस शुभंकर को जाबीवाका नाम दिया गया था। रूसी भाषा में जाबीवाका का अर्थ होता है, जो स्कोर कर सके। (लेखक एबीएन के स्पोर्ट्स स्पेशलिस्ट सह स्पोर्ट्स एडिटर हैं।)
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse