टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के तत्वावधान में दो दिवसीय मार्शल आर्ट्स खेल प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इन खेलों में झारखंड क्लस्टर ।।। के 26 स्कूलों के करीब 500 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि आईपीएस, पूर्व एडीजी जैप, राष्ट्रपति द्वारा वीरता सम्मान प्राप्त, गवर्नर द्वारा पुलिस पदक विजेता राजीव रंजन सिंह थे। विद्यालय की सुपरवाइजरी हेड राजश्री मिश्रा ने मुख्य अतिथि राजीव रंजन सिंह, विशिष्ट अतिथि एसएल गुप्ता, गोविंदपुर, खूंटी के प्राचार्य वीएन घोष, माइका संस्था के संजय जैन का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने अपने उद्बोधन में कहा कि चरित्र निर्माण में खेलकूद का महत्त्वपूर्ण स्थान है। विजयी वही होता है जो खेलकूद में भाग लेता है। खेल हमें अंतिम समय तक संघर्ष करने की प्रेरणा देते हैं। अपने देश के खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने के लिए सतत प्रशिक्षण, प्रयास एवं परिश्रम की आवश्यकता है। खिलाड़ियों की सफलता में उनके प्रशिक्षकों का भी महत्त्वपूर्ण योगदान है। गलत काम न करें, जो भी काम करें गर्व से करें क्यों कि कोई काम छोटा नहीं होता। प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि खिलाड़ियों की यात्रा की तो अभी शुरुआत है। यहां से उन्हें जोनल तथा जोनल से नेशनल तक का सफर पूरा करना है। जिन्हें कुछ कर गुजरने की ख्वाहिश होती है, वे न रुकते हैं, न थकते हैं, बल्कि अपनी मंजिल की ओर बिना थके आगे बढ़ते हैं। उन्होंने सभी अतिथियों, टीम प्रबंधक, खिलाड़ियों, शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का धन्यवाद ज्ञापन किया। बॉक्सिंग प्रतियोगिता में डीएवी पुंदाग विजेता तथा डीएवी बिष्टुपुर उपविजेता रहा। जूडो प्रतियोगिता में डीएवी पुंदाग विजेता तथा डीएवी खूंटी उपविजेता रहा। कराटे प्रतियोगिता में डीएवी पुंदाग विजेता तथा डीएवी चाईबासा व डीएवी चिड़िया उपविजेता रहा। ताईक्वांडो प्रतियोगिता में डीएवी पुंदाग विजेता तथा डीएवी गांधी नगर उपविजेता रहा। वहीं वुशू प्रतियोगिता में डीएवी बिष्टुपुर विजेता तथा डीएवी पुंदाग उपविजेता रहा। विजेता खिलाड़ी जोनल स्तर की प्रतियोगिताओं में जोर आजमाइश करेंगे। राष्ट्र गान के साथ दो दिवसीय खेलकूद कार्यक्रम संपन्न हुआ।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse