महिला एशिया कप : भारत ने श्रीलंका को 41 रन से हराया

 

एबीएन स्पोर्ट्स डेस्क। महिला एशिया कप में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है। पहले मैच में भारत का सामना श्रीलंका से था। टीम इंडिया ने यह मैच 41 रन से जीत लिया है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 150 रन बनाये। इसके जवाब में श्रीलंका की टीम 18.2 ओवर में सिर्फ 109 रन पर सिमट गई। इसी के साथ टीम इंडिया ने जीत हासिल कर ली। भारत के लिए बल्लेबाजी में जेमिमा रोड्रिग्ज ने 76 रन बनाये। वहीं, गेंद के साथ हेमलता ने तीन विकेट लिये। दीप्ति शर्मा और पूजा वस्त्राकर को दो-दो विकेट लिए। जेमिमा ने संभाली भारत की पारी : श्रीलंकाई कप्तान चमारी अटापट्टू ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। शेफाली वर्मा 10 और स्मृति मंधाना छह रन बनाकर आउट हुईं। 23 रन के स्कोर पर भारत के दोनों सलामी बल्लेबाज आउट हो चुके थे। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्ज और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 92 रन की साझेदारी कर टीम को बेहतर स्कोर तक पहुंचाया। हरमनप्रीत ने 33 और जेमिमा ने 76 रन बनाये। अंत में ऋचा घोष ने एक छक्के की मदद से भारत का स्कोर छह विकेट पर 150 रन तक पहुंचाया। श्रीलंका के लिए रानासिंघे ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। कप्तान अटापट्टू और सुगंदीका कुमारी को एक-एक विकेट मिला। श्रीलंका की बल्लेबाजी फ्लॉप : 151 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत भी कुछ खास नहीं थी। कप्तान अटापट्टू सिर्फ पांच रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद नियमित अंतराल पर श्रीलंका के विकेट गिरते रहे। इस बीच दो बल्लेबाज रन आउट भी हुए। पूरी टीम में सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा छू सके। हसिनी परेरा ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। वहीं, हर्षिता माधवी ने 26 रन और रानासिंगे ने 11 रन बनाए। अंत में श्रीलंकाई टीम 18.2 ओवर में 109 रन पर सिमट गई। भारत के लिए हेमलता ने 2.2 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट लिए। पूजा वस्त्राकर और दीप्ती शर्मा को दो-दो विकेट मिले। राधा यादव ने एक विकेट लिया। भारत के अलावा बांग्लादेश की महिला टीम ने भी अपना पहला मैच जीत लिया है। बांग्लादेश ने थाईलैंड को नौ विकेट से हराया। भारत का अगला मैच तीन अक्तूबर को मलेशिया से होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse