एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत में 5जी तकनीक की क्षमता दिखाने के लिए देश के 3 प्रमुख टेलीकॉम ऑपरेटर प्रधानमंत्री के सामने एक-एक यूज केस का प्रदर्शन करेंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो मुंबई के एक स्कूल के शिक्षक को महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा में तीन अलग-अलग स्थानों के छात्रों से जोड़ेगी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, यह प्रदर्शित करेगा कि कैसे 5G शिक्षकों को छात्रों के करीब लाकर, उनके बीच की शारीरिक दूरी को मिटाकर शिक्षा की सुविधा प्रदान करेगा। आज नये युग में प्रवेश करेगा भारत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 1 अक्टूबर को देश में पहली 5जी सेवा का शुभारंभ और इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2022 के छठे संस्करण का भी उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नयी दिल्ली में प्रगति मैदान में अब से थोड़ी देर बाद भारतीय मोबाइल सम्मेलन (आईएमसी) के चार दिनों के कार्यक्रमों का उद्धाटन करेंगे और देश में 5जी मोबाइल सेवाओं का शुभारंभ करेंगे। आईएमसी का यह छठा संस्करण है इसका विषय है नया डिजीटल संसार। आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार 5जी दूरसंचार नेटवर्क से मोबाइल डाटा का प्रवाह कई गुना तेज होगा और लोगों को विश्वस्तरीय विश्वसनीय संचार सुविधाएं मिलेगी। 5जी प्रौद्योगिकी से ऊर्जा दक्षता और स्पेक्ट्रम तथा नेटवर्क का उपयोग बेहतर होगा। प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर कुछ देर पहले कहा, थोड़ी देर बाद इंडियन मोबाइल कांग्रेस शुरु होने जा रही है जहां भारत में 5जी क्रांति की शुरुआत करने की तैयारी है। उन्होंने प्रौद्योगिकी जगत के लोगों, युवा मित्रों और स्टाटर्अप इकाइयों के प्रतिनिधियों को इस कार्यक्रम में जोड़ने का आह्वान किया। 5 जी तकनीकी के जरिए बिना किसी रुकावट के हाई स्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल किया जा सकेगा। नई दिल्ली के प्रगति मैदान एक से चार अक्टूबर तक 4 दिवसीय इंडिया मोबाइल कांग्रेस कार्यक्रम आयोजित होगा। उल्लेखनीय है कि हाल ही में 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी आयोजित की गई थी और 1,50,173 करोड़ रूपये के सकल राजस्व के साथ दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को 51,236 मेगाहर्ट्ज आवंटित किया गया था। यह भारत के लिए खास पल होगा और देश टेक्नोलॉजी के एक नए युग में प्रवेश कर जाएगा। यह सम्मेलन प्रमुख विचारकों, उद्यमियों, इनोवेटर्स और सरकारी अधिकारियों को एक साथ लाते हुए डिजिटल टेक्नोलॉजी को तेजी से अपनाने, इसके प्रसार से होने वाले अद्वितीय अवसरों पर विचार-विमर्श करने और विभिन्न प्रस्तुतियों के लिए एक साझा मंच प्रदान करेगा। बता दें कि 4G की तुलना में 5G नेटवर्क कई गुना तेज गति देता है और बाधा रहित संपर्क मुहैया कराता है, साथ ही अरबों जुड़े डिवाइसों को वास्तविक समय में डेटा साझा करने में सक्षम बनाता है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse