25 की रात जर्मनी के लिए रवाना होंगे पीएम मोदी

 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए जर्मनी के दौरे पर जाने वाले हैं। इस संबंध में विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने बताया कि जर्मनी के चांसलर ओलाफ स्कोल्ज के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 25 जून देर रात जर्मनी के लिए निकलेंगे। वहां वे G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय बैठक और चर्चा भी करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी जर्मनी में जी-7 शिखर सम्मेलन के लिए अपने दौरे के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ संवाद भी करेंगे। विदेश सचिव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26-27 जून को जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान यूक्रेन-रूस युद्ध, हिन्द प्रशांत क्षेत्र की स्थिति, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, जलवायु सहित महत्वपूर्ण वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा होगी। विनय क्वात्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 28 जून को संयुक्त अरब अमीरात की यात्रा पर जाएंगे। इस दौरान वे यूएई के पूर्व राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक रहे शेख खलीफा बिन जायेद अल नाह्यान के निधन पर व्यक्तिगत रूप से श्रद्धांजलि देंगे। प्रधानमंत्री इस दौरान यूएई के नए राष्ट्रपति व अबू धाबी का शासक चुने जाने पर शेख मोहम्मद बिन जायेद अल नाह्यान को बधाई भी देंगे। मोदी 28 जून की रात को ही यूएई से देश वापस लौटेंगे। क्वात्रा ने कहा कि यूक्रेन संकट शुरू होने के समय से ही भारत का रूख स्पष्ट है कि जल्द से जल्द युद्ध विराम होना चाहिए और बातचीत एवं कूटनीति के जरिए समस्या का समाधान निकाला जाना चाहिए। जी-7 समूह दुनिया के सात सबसे अमीर देशों का समूह है जिसकी अध्यक्षता अभी जर्मनी कर रहा है। इस समूह में ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, ईटली, जापान और अमेरिका शामिल है। इसमें अर्जेंटीना, इंडोनेशिया, सेनेगल, दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों को भी आमंत्रित किया गया है। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, ब्रिटिश प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो, कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडू सहित कई अन्य शीर्ष नेता हिस्सा ले रहे हैं। क्वात्रा ने कहा कि जर्मनी की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी दो सत्रों को संबोधित कर सकते हैं जिसमें एक सत्र पर्यावरण, ऊर्जा, जलवायु का होगा और दूसरे सत्र में खाद्य सुरक्षा, लैंगिक समानता और लोकतंत्र जैसे विषय शामिल हैं। इस शिखर बैठक से इतर प्रधानमंत्री सम्मेलन में हिस्सा लेने वाले कुछ देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। कच्चे तेल की खरीद पर भारत का रुख विश्व समुदाय ने अच्छी तरह से समझा: विदेश सचिव विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने शुक्रवार को कहा कि कच्चे तेल की खरीद के लिए भारत की व्यापारिक व्यवस्था देश की ऊर्जा सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्धारित होती है और इस बारे में भारत के रुख को विश्व समुदाय अच्छी तरह से समझता है। क्वात्रा से पूछा गया था कि जर्मनी में आसन्न जी7 शिखर सम्मेलन में रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर अगर भारत की आलोचना होती है तब नई दिल्ली का क्या रुख होगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse