एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रंका थाना क्षेत्र के झुमेलवा डैम में मछली मारने गये एक व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गयी। बिश्रामपुर के झुमेलवा टोला निवासी सुरेश सिंह हमेशा की तरह जाल लेकर डैम पर मछली पकड़ने पहुंचा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि मछलियों को पकड़ने के लिए बिछाया गया जाल खुद उसकी जान का दुश्मन बन जायेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेश ने डैम के पानी में जाल फेंका था। जाल खींचने के दौरान वह नीचे किसी चीज में फंस गया। फंसे हुए जाल को छुड़ाने के लिए सुरेश ने पानी में गोता लगाया। इसी जद्दोजहद के दौरान उसका शरीर उसी जाल में बुरी तरह उलझ गया, जिसमें उसने मछलियां पकड़ रखी थीं। पानी के भीतर खुद को छुड़ाने की कोशिश में वह छटपटाता रहा और अंतत: दम तोड़ दिया।
जब काफी देर तक सुरेश पानी से बाहर नहीं आया, तो साथ मौजूद साथी ने शोर मचाया और ग्रामीणों को सूचित किया। देखते ही देखते डैम पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय पुलिस को सूचना दी गयी और ग्रामीणों ने अपने स्तर पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। अब रंका थाना पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम से मदद मांगी है ताकि शव को डैम से बाहर निकाला जा सके।
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू आॅपरेशन का इंतजार किया जा रहा है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse