एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देनेवाली भयावह घटना सामने आयी है। सदर प्रखंड के लखीनारायणपुर गांव में शुक्रवार रात सियारों के झुंड ने एक घर में घुसकर ढाई माह की मासूम बच्ची को उठा लिया और उसे नोचकर खा गये। वहीं दूसरी चार वर्षीय बच्ची पर भी हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात सियारों का झुंड समीरुल शेख के घर घुसा।
उस समय परिवार के सदस्य सो रहे थे। सियार ढाई माह की बच्ची आफीफा को मां जासमीन के पास से उठाकर ले गये। बाद में बच्ची के शरीर के कुछ अवशेष ही बरामद हो सके। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। सियारों ने घर में मौजूद चार वर्षीय जासमीन खातून पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मासूम आफीफा खातून के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
जासमीन की चीख सुन परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख सियारों का झुंड वहां से भाग निकला। गौरव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी वन विभाग और वरीय अधिकारियों को दे दी गयी है। वन विभाग की टीम इलाके में सियारों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। घटना के बाद गांव में भय और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में गांव के आसपास सियारों की संख्या बढ़ी है, जिससे लोगों में लगातार डर बना हुआ है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव के निकट एक कब्रिस्तान के पास लगभग 300 से 400 सियार रहता है और रात्रि में यही सब गांव में घूमते रहते हैं। कुछ माह पूर्व एक बकरी को भी सियार ने अपना शिकार बना लिया था।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse