एबीएन सोशल डेस्क। अखिल भारतवर्षीय मारवाड़ी सम्मेलन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सत्र 2025-27 की द्वितीय महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय कार्यालय कोलकाता में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने की,जबकि संचालन राष्ट्रीय महामंत्री केदारनाथ गुप्ता द्वारा किया गया।
बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सर्राफ, झारखंड से प्रांतीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल एवं राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य संतोष कुमार अग्रवाल सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारीगण, विभिन्न प्रांतों के अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति के सम्मानित सदस्यगण की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर झारखंड प्रांत की ओर से प्रान्तीय उपाध्यक्ष कृष्णा अग्रवाल ने अपने प्रान्त की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट में सदस्यता अभियान की उल्लेखनीय उपलब्धियों, सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों, मारवाड़ महोत्सव जैसे भव्य आयोजन, तथा समाज सेवा कोष जैसी जनहितकारी पहल की जानकारी साझा की गई।
विशेष उल्लेखनीय है कि पूरे राष्ट्र में चल रहे सदस्यता अभियान के अंतर्गत झारखण्ड प्रान्त ने 876 नए सदस्य बनाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि पर बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों द्वारा ध्वनि मत से झारखण्ड प्रान्त का अभिवादन किया गया।साथ ही,समाज के जनप्रतिनिधियों के सम्मान, महा पंचायत गठन की प्रक्रिया एवं हाल ही में आयोजित संस्कार एवं शुचिता विषयक संगोष्ठी का भी उल्लेख किया गया।
इसके अतिरिक्त आगामी 17,18 एवं 19 मई को पूर्वी सिंहभूम जिला द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राजस्थान महोत्सव के लिए भी संपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकारिणी को सादर आमंत्रण दिया गया। बैठक के अंत में झारखंड प्रांत की ओर से आगामी एआईसी की बैठक झारखंड प्रांत के आतिथ्य में आयोजन हेतु सभी केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों को सादर आमंत्रण भी दिया गया।
यह बैठक संगठन की एकता, सक्रियता एवं समाज सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण रही। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse