सीएम हेमंत को कितना रास आ रहा बिना भाजपा-कांग्रेस सरकार बनाने की सरयू राय की सलाह

 

झारखंड में बिना कांग्रेस और भाजपा के भी सरकार, जदयू विधायक ने मुख्यमंत्री सोरेन को सुझाया फॉर्मूर्ल 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजनीति में इन दिनों उठापटक के बीच, जेडीयू विधायक सरयू राय ने बड़ा राजनीतिक बयान देकर हलचल मचा दी है। उन्होंने दावा किया है कि हेमंत सोरेन बिना कांग्रेस और भाजपा के भी राज्य में स्थिर सरकार चला सकते हैं। यह बयान ऐसे समय में आया है जब झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के बीच रिश्तों में खटास की खबरें सामने आ रही हैं। 

धनबाद में मीडिया से बातचीत के दौरान सरयू राय ने कहा कि अगर हेमंत सोरेन राजनीतिक इच्छाशक्ति दिखायें, तो वे खुद उन्हें बिना शर्त बाहरी समर्थन देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने इसे एक वैकल्पिक और मजबूत राजनीतिक विकल्प बताया। 

राय ने विधानसभा का गणित समझाते हुए कहा कि जेएमएम के 34 विधायक, राष्ट्रीय जनता दल के 4, वाम दलों के 2 और जयराम महतो का 1 वोट मिलाकर बहुमत का आंकड़ा 41 पूरा किया जा सकता है। ऐसे में कांग्रेस या भाजपा की जरूरत नहीं पड़ेगी। 

गठबंधन धर्म का पालन नहीं कर रही कांग्रेस 

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी गठबंधन धर्म का सही तरीके से पालन नहीं करती और केवल अपने हित के अनुसार फैसले लेती है। बिहार और असम चुनाव का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने सहयोगियों को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया। इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान सहयोगी दलों के खिलाफ बयानबाजी कर बाद में साथ आ जाना जनता के भरोसे को कमजोर करता है। 

मुंगेरीलाल के हसीन सपने 

वहीं, इस बयान पर भाजपा ने इसे सरयू राय की निजी राय बताया है, जबकि कांग्रेस ने इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया है। कुल मिलाकर, राय के इस बयान ने झारखंड की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse