एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रामनवमी जुलूस के समापन के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया, जिसके बाद इलाके में पथराव की घटनाएं सामने आईं हैं।
शुक्रवार को निकली रामनवमी शोभायात्रा के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच विवाद की शुरुआत हुई थी। उस समय पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को संभाल लिया था। हालांकि, शनिवार को एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे झड़प की स्थिति बन गई और तनाव बढ़ गया।
घटना के बाद एहतियातन मुरहू क्षेत्र में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। गुस्साए स्थानीय लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और मुरहू महादेव मंडा के पास इकट्ठा होकर पथराव में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
खूंटी की एसडीओ दीपेश कुमारी ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। लोगों से घरों में रहने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक, जुलूस के दौरान एक-दो लोगों पर पत्थर गिरने की घटना हुई थी, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पत्थर कहां से फेंका गया या कहीं से छिंटक कर आ गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। पूरे इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse