एबीएन न्यूज नेटवर्क, हरिहरगंज (पलामू)। प्रखंड क्षेत्र में आए दिन झोला छाप डाक्टर की लापरवाही से मरीजों को जान से हाथ धोना पड़ रहा है। इस क्रम में हरिहरगंज शहर के मेन रोड लोकल बस स्टैंड स्थित जनता डेंटल क्लिनिक में मंगलवार को इलाज कराने आई महिला की मौत हो गयी।
बताया जाता है कि निकटवर्ती बिहार राज्य के औरंगाबाद जिला अंतर्गत कुटुम्बा थाना क्षेत्र के कासीमपुर गांव निवासी मुकेश चन्द्र भारती की 36 वर्षीय पत्नी बीजानी देवी जनता डेंटल क्लीनिक में दांत का इलाज कराने आई थी।
परिजनों के अनुसार कथित चिकित्सक डॉक्टर अशरफ अली ने उक्त महिला का दांत निकालने के बाद दर्द का तीन इंजेक्शन लगाया। इसके बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। वह लगातार उल्टी करने लगी। वह तत्काल अचेत हो गई। इस बीच दवा लाने का झांसा देकर कथित डॉक्टर फरार हो गया। परिजन उक्त महिला को सीएचसी लाए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं पुलिस ने फरार डाक्टर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठीकानो पर छापामारी भी की। परंतु देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
बाद में प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई करते हुए बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी, सीओ मनीष कुमार सिन्हा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ गोपाल प्रसाद ने उक्त क्लिनिक को सील कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि फर्जी तरीके से चल रहे क्लिनिक के खिलाफ जांच तेज की जाएगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse