पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के अस्पताल पर किया हवाई हमला, 400 से ज्यादा की मौत

 

  • अफगानिस्तान के अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले में 400 लोगों की मौत 
  • पाकिस्तान ने पहले ही इन आरोपों से इनकार किया है। पाकिस्तान का कहना है कि काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में किये गये उसके हमलों में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में एक अस्पताल पर पाकिस्तानी हवाई हमले में 400 लोगों की मौत हो गयी। अफगानिस्तान सरकार के उप प्रवक्ता ने मंगलवार तड़के बताया कि अफगान राजधानी काबुल में नशा मुक्ति उपचार करने वाले एक अस्पताल पर पाकिस्तान के हवाई हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 400 हो गयी है। 

हामदुल्लाह फितरत ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सोमवार रात हुए इस हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। उन्होंने बताया कि अब तक 400 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। फितरत के अनुसार, बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और मलबे से शव निकालने की कोशिश कर रहे हैं। 

हालांकि पाकिस्तान ने पहले ही इन आरोपों से इनकार किया है। पाकिस्तान का कहना है कि काबुल और पूर्वी अफगानिस्तान में सोमवार को किए गए उसके हमलों में किसी भी नागरिक स्थल को निशाना नहीं बनाया गया। अफगानिस्तान ने सोमवार को पाकिस्तान की सेना पर आरोप लगाया था कि उसने हवाई हमलों में काबुल के उस अस्पताल को निशाना बनाया, जहां नशे के आदी लोगों का इलाज किया जाता है। उस समय अफगानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा था कि हमले में 200 से अधिक लोगों की मौत हुई है। 

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने स्थानीय मीडिया को दिये एक टेलीविजन इंटरव्यू में बताया कि ड्रग उपचार अस्पताल का लगभग पूरा ढांचा नष्ट हो गया है। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबिउल्लाह मुजाहिद ने भी एक्स पर इस इंटरव्यू का वीडियो साझा किया। स्थानीय टीवी चैनलों पर दिखायी गयी फुटेज में दमकलकर्मी मलबे के बीच लगी आग बुझाने की कोशिश करते नजर आये। 

यह कथित हमला उस समय हुआ जब अफगान अधिकारियों ने बताया कि दोनों देशों के बीच सीमा पर गोलीबारी हुई थी। इस गोलीबारी में अफगानिस्तान में चार लोगों की मौत हो गई। पड़ोसी देशों के बीच हाल के वर्षों की सबसे भीषण लड़ाई अब तीसरे सप्ताह में पहुंच गयी है। मुजाहिद ने पहले ही इस हमले की निंदा करते हुए कहा था कि यह अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि मरने और घायल होने वालों में अधिकांश लोग अस्पताल में इलाज करा रहे मरीज थे। 

पाकिस्तान ने आरोपों को निराधार बताया 

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि हमलों में काबुल और नंगरहार में सैन्य ठिकानों और आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया। मंत्रालय के अनुसार ये ठिकाने पाकिस्तान के नागरिकों के खिलाफ हमलों के लिए इस्तेमाल किये जा रहे थे। 

मंत्रालय ने कहा कि हमले बेहद सटीक तरीके से किये गये ताकि किसी तरह का अतिरिक्त नुकसान न हो। साथ ही उसने अफगान प्रवक्ता के आरोपों को भ्रामक और गलत बताया। यह घटनाक्रम उस समय सामने आया जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई तेज करने का आह्वान किया। सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर अफगानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र के राजनीतिक मिशन यूएनएएमए के कार्यकाल को तीन महीने के लिए बढ़ा दिया। 

पकिस्तान का अफगनिस्तान पर बड़ा आरोप 

पाकिस्तान लंबे समय से अफगानिस्तान पर आरोप लगाता रहा है कि वहां की तालिबान सरकार पाकिस्तानी तालिबान और अन्य उग्रवादी संगठनों को सुरक्षित पनाह देती है, जो पाकिस्तान में हमले करते हैं। काबुल इन आरोपों से इनकार करता है। 

इससे पहले अफगान अधिकारियों ने बताया था कि सोमवार को सीमा पर हुई गोलीबारी में दो बच्चों सहित चार लोग मारे गये और 10 अन्य घायल हो गए। अफगानिस्तान के खोस्त प्रांत के प्रवक्ता मुस्तघफर गुरबाज ने कहा कि पाकिस्तान से दागे गये मोर्टार गोले गांवों पर गिरे और कई घरों को नुकसान पहुंचा। 

दूसरी ओर पाकिस्तान ने कहा कि रविवार को अफगानिस्तान की ओर से दागा गया मोर्टार गोला उत्तर-पश्चिमी बाजौर जिले में एक घर पर गिरा, जिसमें एक परिवार के चार सदस्य मारे गए और दो अन्य घायल हुए। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने कहा कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पिछले सप्ताह पाकिस्तान में ड्रोन हमले कर रेड लाइन पार कर दी है। इसके जवाब में पाकिस्तान वायुसेना ने सप्ताहांत में अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में उपकरण भंडारण और तकनीकी ढांचे पर हमले किये। 

काबुल में अफगानिस्तान के प्रशासनिक उप प्रधानमंत्री अब्दुल सलाम हनफी ने कहा कि देश की संप्रभुता की रक्षा करना सभी नागरिकों का कर्तव्य है। उन्होंने हालिया पाकिस्तानी हमलों में नागरिकों की मौत पर दुख जताया और कहा कि यह युद्ध अफगानिस्तान पर थोपा गया है। यह संघर्ष फरवरी के अंत में शुरू हुआ जब पाकिस्तान के हवाई हमलों के जवाब में अफगानिस्तान ने सीमा पार हमले किये। इससे पहले कतर की मध्यस्थता में अक्टूबर में युद्धविराम हुआ था। 

पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने रविवार को दावा किया कि पाकिस्तान की सेना ने 684 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है। हालांकि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि वास्तविक संख्या इससे कहीं कम है। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने भी दावा किया है कि अफगान बलों ने 100 से अधिक पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse