टीम एबीएन, रांची। डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू) रांची इकाई के पदाधिकारियों ने विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति प्रो राजीव मनोहर से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें बुके एवं झारखंड की पारंपरिक छऊ नृत्य का मुखौटा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्र संघ की ओर से विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों एवं समस्याओं के समाधान के संबंध में एक मांग-पत्र भी सौंपा गया।
आजसू छात्र संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि पिछले लगभग एक वर्ष तक विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति नहीं होने के कारण कई शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं का समाधान लंबित रहा। अब नये कुलपति के पदभार ग्रहण करने से विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं में एक नई उम्मीद जगी है कि विश्वविद्यालय की समस्याओं का समाधान होगा तथा विश्वविद्यालय को नयी दिशा और दशा मिलेगी।
मौके पर आजसू छात्र संघ ने कुलपति के समक्ष विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को रखा। छात्र संघ ने मांग की कि विश्वविद्यालय में शैक्षणिक पठन-पाठन को नियमित और सुचारू रूप से संचालित किया जाये। साथ ही नॉन-टीचिंग स्टाफ कर्मियों के साथ सकारात्मक पहल करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाये, ताकि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य छात्रहित में बेहतर ढंग से चल सकें।
इसके अतिरिक्त छात्र संघ ने विश्वविद्यालय के सभी प्रोफेशनल कोर्स को अखिल भारतीय तकनीकि शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) से अनुमोदित कराने की मांग भी उठाई। साथ ही सत्र 2020-23, 2021-24 एवं 2022-25 के स्नातक छात्र-छात्राओं के लिए स्पेशल परीक्षा आयोजित करने की मांग की गयी, क्योंकि इस संबंध में विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व में नोटिस भी जारी किया जा चुका है।
आजसू छात्र संघ ने यह भी मांग की कि विश्वविद्यालय में कई शिक्षक एक से अधिक प्रशासनिक पदों पर कार्य कर रहे हैं, जबकि राजभवन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार एक शिक्षक एक से अधिक पदों पर सेवा नहीं दे सकते। इसलिए इस निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाये।
इसके अलावा छात्र संघ ने विश्वविद्यालय में लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव को शीघ्र कराने की मांग भी उठायी। छात्र नेताओं ने बताया कि पिछले लगभग छह वर्षों से विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव नहीं हुआ है। हाल ही में फरवरी 2026 में विश्वविद्यालय द्वारा इलेक्टोरल रोल भी जारी किया गया है, लेकिन अब तक चुनाव की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।
आजसू छात्र संघ के पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की कि कुलपति इन सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करेंगे, जिससे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा और शैक्षणिक वातावरण और अधिक बेहतर होगा। इस मौके पर विश्वविद्यालय संयोजक रवि रोशन, प्रशांत महतो, खुशबू यादव, रोशन नायक, विनायक, मानस कुमार, बीटू वर्मा, आशीष एवं योगेश महतो सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse