धनबाद : होली के जश्न के दौरान फायरिंग, दो युवकों को लगी गोली

 

  • धनबाद में होली के रंग में पड़ा भंग, जश्न के दौरान फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के धनसार थाना इलाके के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के जश्न के दौरान अचानक हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। डीजे बजाने और पैसे को लेकर हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग में बदल गया। इस घटना में दो युवक घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है। विष्णु कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि पुष्पक के पेट में गोली लगी है।

बरमसिया त्रिमूर्ति सदन के पास रहने वाले घायल विष्णु कुमार ने बताया कि वह ठेकेदार विकास लाला के लिए पेटी कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करते थे। गोधरा में एक अस्पताल निर्माण के दौरान उस पर करीब 2.5 लाख रुपये बकाया थे। इसी पैसे की मांग को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद विकास लाला और उसके साथियों ने फायरिंग कर दी। विष्णु के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दोस्त पुष्पक मिश्रा के पेट में गोली लगी है।

घायल पुष्पक मिश्रा ने बताया कि होली के जश्न के लिए लोग फुटबॉल ग्राउंड में जमा हुए थे। इसी दौरान मारपीट और फायरिंग हुई। उसने आरोप लगाया कि विकास लाला ने गोली चलाई। पुष्पक ने बताया कि वह अपने दादा के घर बरमसिया शनि मंदिर में उनकी तेरहवीं में शामिल होने आया था। वह दिल्ली में पढ़ाई करता है।

धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डीजे बजाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गोली चली। दो लोगों को गोली लगी है और उनका एसएनएमएमसीएच में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि एक पक्ष पैसे के बकाया का मामला बता रहा है, जबकि दूसरा पक्ष जमीन की खरीद-बिक्री के विवाद को वजह बता रहा है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse