टीम एबीएन, रांची। परमहंस हिंदू रत्न से सुशोभित डॉ संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में फाल्गुन सतरंगी होली मिलन समारोह का भव्य एवं अलौकिक आयोजन किया गया। वृंदावन की तर्ज पर रंग, गुलाल और पुष्पों की सुगंध से पूरा मंदिर प्रांगण भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा। समारोह में कोलकाता से पधारे कलाकारों ने राधा-कृष्ण पर आधारित मनोहारी नृत्य-नाटिका एवं जीवंत झांकियों की प्रस्तुति दी, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंच पर सजी रासलीला की छटा ने मानो भक्तों को ब्रज की गलियों का साक्षात दर्शन करा दिया। फूलों की होली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसमें श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा के बीच रंग बरसे वृंदावन धाम और आज बिरज में होली रे रसिया जैसे भजनों पर भावविभोर होकर भाग लिया संगीतमय भजन संध्या में भजन गायक मनीष सोनी एवं अन्य प्रसिद्ध कलाकारों ने होली के पारंपरिक एवं ब्रज शैली के भजनों से वातावरण को भक्तिरस में डुबो दिया।
श्याम रंग में रंग दो नैना और राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते रहे। पूरा परिसर राधे-श्याम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। मौके पर श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार वृंदावन से मंगाये गये आकर्षक परिधानों एवं जड़ित आभूषणों से किया गया। अलौकिक श्रृंगार की छटा देखते ही बनती थी। मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं महाभोग अर्पित किया गया। महाभोग में केसरिया खीर, वेजिटेबल पुलाव, पेड़ा, मेवा, मालपुआ, फल, पंजीरी सहित विविध व्यंजनों का भोग लगाया गया।
पूजा-अर्चना के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें 2 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। आयोजन की भव्यता, अनुशासन एवं आध्यात्मिक गरिमा ने उपस्थित भक्तों के हृदय में अविस्मरणीय छाप छोड़ी, फाल्गुन के इस पावन अवसर पर आयोजित होली मिलन समारोह ने यह संदेश दिया कि प्रेम, सौहार्द और भक्ति ही भारतीय संस्कृति की पहचान है। रंगों के इस उत्सव ने सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक एकता को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि इस अवसर पर-डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, विजय अग्रवाल, निर्मल छावनिका, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, विशाल जालान, नवल अग्रवाल, सुनील पोद्दार, महेश पोद्दार जगदीश अग्रवाल, दीपक चौधरी, सुरेश चौधरी, मनीष जालान, अशोक लाठ, दिलीप अग्रवाल, प्रभास गोयल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, विद्या देवी अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, सुनीता अग्रवाल, शोभा जालान, मीनू पाड़िया, मनीषा जालान, संतोष देवी अग्रवाल, आशा मुंजाल, शीला मुरारका, शकुंतला केजरीवाल, सीता शर्मा, सरोज पोद्दार, किरण पोद्दार, किरण वर्णवाल, शारदा पोद्दार, ललिता पोद्दार, मनीषा जालान, दीपिका मोतिका, बिमला जालान, करुणा गाडोदिया, सरिता अग्रवाल, सुमिता लाठ, रमाबाई, के अलावे बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse