पलामू : वन्दे मातरम् राष्ट्रीय चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अमर मंत्र

 

  • वन्दे मातरम् राष्ट्रीय चेतना और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अमर मंत्र
  • वन्दे मातरम् के 150 वर्ष स्मरणोत्सव पर मेदिनीनगर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
  • एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधरोपण, सामूहिक स्वच्छता शपथ

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केन्द्रीय संचार ब्यूरो, डालटनगंज की ओर से वर्ष भर चलने वाले वन्दे मातरम् के गौरवपूर्ण 150 वर्ष के स्मरणोत्सव, एक पेड़ मां के नाम एवं स्वच्छ भारत अभियान विषय पर आज राजकीयकृत ब्राह्मण प्लस टू उच्च विद्यालय, मेदिनीनगर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 

कार्यक्रम की शुरुआत एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण के संकल्प तथा कन्या पूजन के साथ हुई। इसके उपरांत क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री गौरव कुमार पुष्कर ने अतिथियों का परिचय कराते हुए विषय प्रवेश कराया। 

उन्होंने कहा कि वन्दे मातरम् राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने और मातृभूमि के प्रति समर्पण भाव को सशक्त करने वाला अमर मंत्र है। बतौर अतिथि उपस्थित पर्यावरणविद् एवं वनराखी मूवमेंट के प्रणेता कौशल किशोर जायसवाल ने वृक्षों की अंधाधुंध कटाई से बिगड़ते पर्यावरण संतुलन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पर्यावरण धर्म के आठ मूल मंत्रों की जानकारी देते हुए प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पत्रकार प्रभात मिश्र सुमन ने वन्दे मातरम् के पलामू से ऐतिहासिक जुड़ाव पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन्दे मातरम् के रचयिता बंकिम चन्द्र चटर्जी के बड़े भाई संजीव चट्टोपाध्याय, जो पलामू में मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात थे, ने पलामू नाम से बांग्ला में एक प्रसिद्ध यात्रा-वृत्तांत लिखा था।

पत्रकार सतीश चंद्र मिश्र सुमन ने कहा कि वन्दे मातरम् हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सेल्फी बूथ पर फोटो खिंचाकर वन्दे मातरम् का सामूहिक गान करते हुए भारत माता को नमन किया। इस अवसर पर सामूहिक स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई।

छात्राओं ने प्रस्तुत किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को राष्ट्रभावना और ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षक संतोष कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतीश कुमार दुबे ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार सहायक मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

बच्चों को मिले पुरस्कार

जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित निबंध, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse