टीम एबीएन, रांची। संत लॉरेंस विद्यालय के हॉस्टल में बीते शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नर्सरी कक्षा में पढ़ने वाले 5 वर्षीय छात्र सूर्यन उरांव की इलाज के दौरान मौत हो गयी। घटना के बाद स्कूल परिवार और अभिभावकों में शोक और चिंता का माहौल है।
मृतक छात्र सूर्यन उरांव कुड़ू थाना क्षेत्र के कोलसिमरी गांव का रहने वाला था। उसके माता-पिता रोजगार के कारण बाहर रहते हैं और उसे स्कूल के हॉस्टल में रखकर पढ़ा रहे थे। स्कूल के प्रधानाध्यापक अजय शंकर कुमार ने बताया कि स्कूल खत्म होने के बाद सभी बच्चे हॉस्टल में थे।
लंच के बाद बच्चे ट्यूशन के लिए बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान सूर्यन हॉस्टल के कमरे के बाहर बने एक छज्जे पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक वह नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसे तुरंत झीको चट्टी में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेड़ो के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया।
रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। घटना की जानकारी तुरंत सूर्यन के माता-पिता को दी गई। वे रिम्स पहुंच चुके हैं। उनकी मौजूदगी में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। स्कूल प्रबंधन ने घटना पर गहरा दुख जताया है।
हादसे की खबर मिलते ही हॉस्टल में रहने वाले अन्य बच्चों के अभिभावक भी स्कूल पहुंचने लगे। उन्होंने हॉस्टल की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जतायी है। जानकारी के अनुसार, इस विद्यालय में कुल 520 छात्र पढ़ते हैं, जिनमें से 119 छात्र हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करते हैं।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse