टीम एबीएन, रांची। रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र स्थित खादगढ़ा और महुआ टोली में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद बुधवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। कार्रवाई से नाराज लोग सुबह बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आये और रातू रोड कब्रिस्तान के समीप टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, स्कूल बसें और एंबुलेंस तक जाम में फंस गयीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया, लेकिन कई घंटों तक हालात सामान्य नहीं हो सके।
प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल थे। लोग हाथों में तख्तियां लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जिन मकानों को तोड़ा गया, उनमें कई परिवार वर्षों से रह रहे थे। उनका आरोप है कि प्रशासन ने पर्याप्त समय दिये बिना बुलडोजर चलाया और उन्हें सामान सुरक्षित निकालने का अवसर नहीं मिला।
वहीं प्रशासन का कहना है कि करीब 27 कट्ठा सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण किया गया था, जिसे नियमानुसार हटाया गया। अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में नोटिस भी जारी किये गये थे। हालांकि प्रभावित परिवार प्रशासन के इस दावे से सहमत नहीं हैं और पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।
इलाके में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता जारी है, ताकि तनावपूर्ण स्थिति का शांतिपूर्ण समाधान निकाला जा सके। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse