टीम एबीएन, रांची। आयुष्मान भारत-मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत अनियमितताओं के मामले में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने हजारीबाग फोर्ड एंड आर्थो केयर, हजारीबाग के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। शो-कॉज नोटिस का समय पर उत्तर नहीं देने के कारण अस्पताल को योजना के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीमा कंपनी नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा अस्पताल के विरुद्ध प्रस्तुत अनालाइसिस रिपोर्ट में गंभीर अनियमितताएं पायी गयी थीं, जो आयुष्मान भारत योजना के नियमों के प्रतिकूल हैं। इन अनियमितताओं पर स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी द्वारा अस्पताल को क्रमश: 20 सितंबर 2024, 30 मई 2025 एवं 23 सितंबर 2025 को कुल तीन पत्र जारी किये गये थे।
इन सभी पत्रों के माध्यम से अस्पताल के अधिकृत ई-मेल आईडी पर स्पष्टीकरण मांगा गया, किंतु निर्धारित समय सीमा में अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोई उत्तर प्रस्तुत नहीं किया गया। जवाब नहीं मिलने की स्थिति में अनुस्मारक भी भेजा गया, बावजूद इसके कोई प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के दिशा-निर्देश की कंडिका 6.3.4.2 के तहत कार्रवाई करते हुए जसास ने अस्पताल को योजना से निलंबित करने का निर्णय लिया है।
हालांकि, निलंबन अवधि के दौरान अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वर्तमान में भर्ती आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के लाभार्थी मरीजों को छुट्टी मिलने तक सामान्य रूप से निरंतर उपचार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, निलंबन अवधि में भी अस्पताल में पाई गई अनियमितताओं एवं विसंगतियों की नियमित जांच जारी रहेगी। उक्त कार्रवाई को झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक की स्वीकृति प्राप्त है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse