टीम एबीएन, रांची। सोनाहातू प्रखंड के तेलवाडीह पंचायत अंतर्गत डोमाडीह गांव निवासी हरिहर महतो (25) पिछले छह दिनों से लापता हैं। वे सोहन लाल महतो के पुत्र हैं। इस गंभीर घटना की सूचना मिलने पर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली।
परिजनों ने बताया कि हरिहर महतो 31 जनवरी 2026 की शाम लगभग 6 बजे घर से निकले थे, जिसके बाद से अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। काफी खोजबीन के बाद परिजनों द्वारा 03 फरवरी 2026 को सोनाहातू थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी गयी है।
मुलाकात के दौरान देवेंद्र नाथ महतो ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया और सोनाहातू थाना पहुंचकर थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप से खोजबीन के करंट स्टेटस की विस्तृत जानकारी ली। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गंभीरता से खोजबीन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है और पुलिस प्रशासन को इसे प्राथमिकता के आधार पर देखना चाहिए।
बताते चलें कि लापता हरिहर महतो का 26 दिन का नवजात पुत्र है। उनके अचानक लापता होने से पत्नी और मां का रो-रो कर बेहद बुरा हाल है। पूरा परिवार गहरे सदमे में है और प्रशासन से जल्द से जल्द हरिहर महतो का पता लगाने की गुहार लगा रहा है।
श्री महतो ने प्रशासन से अपील की है कि इस मामले में त्वरित कदम उठाये जायें, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय और राहत मिल सके। बताते चलें कि आज पुलिस चौकी में थाना प्रभारी से वार्ता के दौरान अर्जुन महतो, अशोक महतो, प्रदीप महतो आदि पीड़ित परिवार मौजूद रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse