कल होगी ईटखोरी महोत्सव 2025 की भव्य शुरुआत

 

इटखोरी महोत्सव 2025 

तीन दिवसीय सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां पूरी 

पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे उद्घाटन  

एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी (चतरा)। हिंदू, बौद्ध और जैन धर्म के श्रद्धालुओं के लिए पवित्र स्थल इटखोरी में आज से सुरों और ताल का संगम होगा। यहां आयोजित होने वाले राजकीय इटखोरी महोत्सव का भव्य उद्घाटन 19 फरवरी को दोपहर 3 बजे पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू करेंगे। उद्घाटन समारोह में प्रमुख अतिथियों के साथ डॉ विपिन मिश्रा के स्तोत्र गायन और शंख ध्वनि के बीच महोत्सव की शुरुआत होगी। 

उद्घाटन के अवसर पर स्थानीय सांसद कालीचरण सिंह, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, उपायुक्त रमेश घोलप, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पाण्डेय, महाबोधि मंदिर कमेटी के सचिव एन दोरजे, जैन धर्म गुरु रवींद्र कीर्ति स्वामी और दिगंबर जैन धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष ताराचंद जैन उपस्थित रहेंगे। 

महोत्सव के आयोजन स्थल मां भद्रकाली मंदिर परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है, जहां एक भव्य मंच भी तैयार किया गया है। इस बार महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस बल और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाये गये हैं। उपायुक्त रमेश घोलप ने बताया कि पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू महोत्सव के उद्घाटन से पहले मां भद्रकाली मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे और फिर महोत्सव की विधिवत शुरुआत होगी। 

उद्घाटन के बाद, सांस्कृतिक कार्यक्रम 5 बजे से शुरू होंगे, जो 21 फरवरी की रात 10 बजे तक जारी रहेंगे। 20 फरवरी को मां भद्रकाली मंदिर परिसर में इटखोरी का पुरातात्विक महत्व पर एक सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें झारखंड, बिहार और दिल्ली के प्रमुख पुरातत्वविद और इतिहासकार अपने विचार प्रस्तुत करेंगे। महोत्सव को लेकर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार पाण्डेय ने सुरक्षा की सख्त व्यवस्था का भरोसा दिलाया है। जिले में महोत्सव को लेकर खासा उत्साह है। 

पहले दिन जमकर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम 

महोत्सव के पहले दिन कई प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। न्यू झारखंड कला संगीत सृजन केंद्र की टीम नागपुरी नृत्य, नटराज कला केंद्र, चोगा, ईचागढ़ द्वारा छऊ नृत्य और नीरज डांस एकेडमी, चतरा अपनी विशेष प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगी। इसके अलावा, प्रसिद्ध कॉमेडियन राजीव निगम अपनी हास्य कला से दर्शकों को हंसी से लोटपोट करेंगे। 

भोजपुरी लोक गायिका चंदन तिवारी अपनी मधुर आवाज में लोक गीतों से समां बांधेंगी। बॉलीवुड सिंगर सलमान अली अपनी शानदार गायकी से संगीतमय शाम का आनंद प्रदान करेंगे। महोत्सव का पहला दिन संगीत, नृत्य और मनोरंजन से भरपूर रहेगा।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse